उत्तराखंड सीमा से सटे गांव में जमीन विवाद को लेकर दो पक्षों में झगड़ा हो गया। इसमें एक पक्ष ने दूसरे पक्ष पर लाठी डंडे व तलवारों से हमला कर दिया, जिससे चाचा भतीजों सहित चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। इस मामले में दो लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया गया है।
न्यूरिया थाना क्षेत्र की मझोला चौकी में पड़ने वाले गांव भिंडारा में गिरधारी सहित कई लोगों के घरों का पानी खाली पड़ी जगह से होकर निकलता है। इस जमीन पर कुछ लोगों ने कब्जा कर लिया और उसकी नींव भरनी शुरू कर दी। शाम को घर पहुंचने पर गिरधारी को इसकी जानकारी हुई तो उन्होंने एवं उनके परिवार ने विरोध किया तो कब्जा करने वालों ने हमलावर हो गए। पहले ईंट रोड़े फेंके गए बाद में लाठी डंडे व तलवारों से हमला कर दिया। इस हमले में गिरधारी उनके भतीजे रूपलाल व लालता प्रसाद और गिरधारी के परिवार का ही भूपेंद्र गंभीर रूप से घायल हो गए। चारों को रात में ही जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। सुबह घायलों की ओर से परिवार के ही छत्रपाल ने थाने में तहरीर दी, जिसके आधार पर पुलिस ने गांव के ही जसवंत सिंह व रंजीत सिंह के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। रविवार को सपा विधायक हेमराज वर्मा सपा जिलाउपाध्यक्ष नरेंद्र मिश्रा कट्टर के साथ जिला अस्पताल पहुंचे और चारों का हाल जाना। एसओ न्यूरिया दलवीर सिंह ने बताया जमीन विवाद में झगड़ा हुआ है। रिपोर्ट दर्ज कर ली है घटना की जांच की जा रही है।