देवहा नदी के पास मिले अज्ञात महिला की शिनाख्त में जुटी पुलिस एक बार फिर असफल रही है। खटीमा जाकर कोतवाली पुलिस ने गुमशुदा महिलाओं से जुड़ी जानकारी एकत्र की, लेकिन कोई सुराग न मिलने पर टीम को बैरंग होना पड़ा है।
बता दें कि सोलह मई को देवहा नदी के पास कूड़े के ढेर में पैंसठ वर्षीय अज्ञात महिला का शव पड़ा मिला था। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में गला दबाकर हत्या करने की पुष्टि होने के बाद पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया था। इसके बाद से पुलिस महिला की शिनाख्त के प्रयास कर रही है। डीसीआरबी के जरिए आसपास के जिलों की पुलिस को महिला के फोटो भिजवा दिए गए। इसमें भी कुछ नहीं निकल सका, जिस पर पुलिस ने एसएसआई पीके दुबे के नेतृत्व में एक टीम को उत्तराखंड के खटीमा भेजा। यहां खटीमा थाने से गुमशुदा महिलाओं से जुड़ी जानकारी की गई। इसके अलावा फोटो दिखाकर शिनाख्त के प्रयास कराए गए, लेकिन शिनाख्त नहीं हो सकी है। उधर, डीआईजी ने पत्र भेजकर पुलिस को महिला की शिनाख्त के सख्त निर्देश दिए हैं। कोतवाल हरगोविंद सिंह ने बताया कि लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। खटीमा से भी कोई निष्कर्ष नहीं निकल सका है।