पुलिस की आंखों से दूर नशे के सौदागर अफीम और चरस पैदा कर रहे हैं।
- फोटो : अमर उजाला
- करोड़ चौकी पुलिस की कार्रवाई पर उठे सवाल
- सोमवार को दिनभर चौकी में बिठाए गए थे तीन युवक
- पुलिस बोली, युवकों से काफी कम मात्रा में मिली थी चरस
चरस बरामद होने की बात कहकर पकड़े गए तीन युवकों को बिना कार्रवाई रिहा करने के मामले में करोड़ चौकी पुलिस कटघरे में है। पूरे दिन थाने में बिठाए रखने के बाद देर शाम अचानक छोड़ने पर पुलिस कार्रवाई पर सवाल खड़े हो रहे हैं। उधर, घटना की जानकारी चौकी पुलिस की ओर से एसओ को भी नहीं दिए जाने से क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं हैं।
बताते है कि सोमवार सुबह करोड़ चौकी पुलिस ने एकाएक तीन युवकों को पकड़ा था। आरोप था कि इनके पास से चरस पुलिस ने बरामद की है। तीनों युवकों को चौकी पर बिठाकर पुलिस पूछताछ करती रही, लेकिन देर शाम कार्रवाई करने के बजाए उनको अचानक ही छोड़ दिया गया। यही नहीं इससे पहले चौकी पुलिस की ओर से तीनों को थाने भिजवाने की बात भी कही गई थी, जबकि थाना प्रभारी पूरे मामले से अंजान रहे। इसके बाद चौकी पुलिस पर साठगांठ कर तीनों आरोपियों को छोड़ने का आरोप लगाया गया है। एसओ ओमहरि बाजपेई का कहना है कि मामला उनके संज्ञान में नहीं था। देर शाम इसकी जानकारी हुई थी, जिस पर करोड़ चौकी इंचार्ज से पता किया गया। इसमें चौकी प्रभारी की ओर से बताया गया कि पकड़े गए युवक नशेड़ी किस्म के थे। इनके पास बेहद कम मात्रा में चरस बरामद हुई थी, जोकि वह अपने पास नशा करने के लिए रखे हुए थे।