ओला व बारिश से बर्बाद हुई चार बीघा गेहूं की फसल के सदमे को बर्दाश्त न कर पाने पर एक युवा किसान ने अपने घर में फांसी लगा खुदकुशी कर ली। परिवार वालों ने पुलिस को सूचना दिए बगैर उसका अंतिम संस्कार कर दिया।
गांव मुजफ्फर नगर निवासी गुड्डू (32) पुत्र नन्हें की गांव में चार बीघा खुद की जमीन है। जिसमें उसने गेहूं बोया था। बताया जाता है कि चार दिन पहले उसने अपने गेहूं की गहाई कराई तो उसमे मात्र एक क्विंटल गेहूं निकला। इतना कम गेहूं निकला देख गुड्डू सदमे में आ गया।
बताया जाता है कि बुधवार की रात परिवार का खर्चा कैसे चलेगा इसको लेकर उसकी परिवार वालों से कहा सुनी हो गई। इसके बाद गुड्डू काफी दुखी हुआ। बताया जाता है कि परिवार वाले जब सो गए तो उसने एक घर में फांसी का फंदा लगा कर खुदकुशी कर ली। परिवार वालों को गुरुवार सुबह इसकी जानकारी हुई।
सूत्र बताते हैं कि इसके बाद परिवार वालों ने आनन-फानन में पुलिस को सूचना दिए बगैर शव का अंतिम संस्कार कर दिया। परिवार वाले हालांकि इस संबंध में अभी चुप्पी साधे हुए हैं, लेकिन गांव में इसकी चर्चा शुक्रवार पूरे दिन होती रही। तहसीलदार दिग्विजय सिंह व कोतवाल धर्मपाल सिंह ने किसी किसान की फांसी लगा कर आत्महत्या करने से इनकार किया है।