सेना में भर्ती कराने के नाम पर थाना न्यूरिया के गांव मंगदपुर निवासी वीरेंद्र कुमार वर्मा से 2.35 लाख रुपये ठगने का मामला प्रकाश में आया है। पीड़ित ने केंद्रीय मंत्री सांसद मेनका संजय गांधी के कार्यालय में शिकायती पत्र देकर कार्रवाई कराने की मांग की। कार्यालय प्रतिनिधि ने एसओ न्यूरिया को कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।
गांव मंगदपुर निवासी वीरेंद्र कुमार वर्मा ने बताया कि इसी थाना क्षेत्र के एक गांव का युवक उससे मिला और अपने को सेना का कमांडर बताया। कहा कि वह सेना में भर्ती करवा सकता है, लेकिन इसके लिए तीन लाख रुपये खर्च करने पड़ेंगे। झांसे में आकर उसने 14 अगस्त 08 को उसने आरोपी को एक लाख रुपये नगद दिए।
11 अक्तूबर 2013 को स्टेट बैंक की अलग-अलग शाखाओं से आरोपी के खाते में 1.35 लाख रुपये जमा किए। तब से वह लगातार नौकरी के बावत उससे जानकारी लेता रहा तो आरोपी एक-दो महीने के भीतर नौकरी लग जाने की बात कहते हुए उसे टरकाता रहा। पहली नवंबर 14 को जब वह आरोपी के पास गए और नौकरी दिलवाने का दबाव बनाया तो उसने साफ इंकार कर दिया।
पैसे वापस मांगे तो गाली गलौज की और जान से मार डालने की धमकी दी। आरोप है कि उसने 16 नवंबर 14 व 28 नवंबर 14 को थाना पुलिस को तहरीर दी, लेकिन पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज नहीं की। पीड़ित ने केंद्रीय मंत्री सांसद मेनका गांधी के कार्यालय पर शिकायती पत्र देकर कार्रवाई की मांग की है। कार्यालय प्रतिनिधि ने एसओ न्यूरिया को कार्रवाई करने को कहा है।