बाइक पर बैठने से मना करने से गुस्साए युवक ने सोमवार को एक शिक्षिका की पिटाई कर कुंडल नोच लिए। शिक्षिका ने घटना की तहरीर पुलिस को दी है, लेकिन पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज नहीं की।
थाना बरखेड़ा क्षेत्र के एक ग्रामीण ने बताया कि उनकी दो बेटियां नगर के एक प्राइवेट स्कूल में पढ़ाती हैं। मोहल्ला पटेल नगर का एक युवक उनकी एक बेटी के फोन पर बात करने का प्रयास करता रहता था। युवक ने उनकी पुत्री के फोन पर कई बार अश्लील मैसेज भी भेजे। बेटी ने जब विरोध किया तो उसने मारने-पीटने की धमकी दी।
सोमवार की सुबह 11 बजे दोनों बेटियां टैंपो से नगर को आ रही थीं। गजरौला रोड के अमरा मोड़ पर आरोपी युवक ने टैंपो रुकवा लिया और दोनों पुत्रियों को बाइक पर बैठने को कहा। जब पुत्रियों ने मना कर दिया ता नाराज युवक ने एक पुत्री की पिटाई शुरू कर दी और सोने के दोनों कुंडल नोंच लिए।
पिटाई करने के दौरान पुत्री की सेलफोन भी गिर गया। लोगों के विरोध जताने पर युवक मौके से भाग निकला। बेटियों ने घर पहुंचकर पिता को जानकारी दी। इस पर वह बेटियों को साथ लेकर कोतवाली गए और आरोपी के खिलाफ तहरीर दी। इस बारे में थाना प्रभारी केपी सिंह ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। जांच के बाद रिपोर्ट दर्ज की जाएगी।