करिश्मा ने एसपी के सामने कहा कि उसकी मां की मौत हो चुकी है। सौतेली मां उसे पसंद नहीं करती। आए दिन मां और सौतेले भाई-बहन उसे मानसिक रूप से प्रताड़ित करते हैं। मेरा बाहर खेलने जाना भी उन्हें अच्छा नहीं लगता है। कई बार मना भी किया जा चुका है। झारखंड में अंडर-17 नेशनल प्रतियोगिता में खेलने जाने के लिए उसने मां से 1000 रुपये मांगे थे, लेकिन बमुश्किल उसे तीन सौ रुपये मिल पाए। उसने कहा कि घर से परेशान होकर उसने शिवम के सामने शादी का प्रस्ताव रखा था और उसके घर चली गई थी।
बातों से सन्न रह गए घर वाले
पीलीभीत। घर में सबसे छोटी करिश्मा को परिवार के सभी लोग बेहद प्यार करते हैं। उसके गायब होने की खबर मिलने के बाद घर में चूल्हा भी नहीं जल रहा था। सबसे ज्यादा बुरा हाल उसकी मां का था। मंगलवार को पुलिस की मौजूदगी में जब परिवारवालों ने करिश्मा का जवाब सुना तो वे सन्न रह गए। खुद को सौतेली कहे जाने की बात सुनकर मां बेसुध हो गई। हालांकि परिवार वाले यही कहते रहे कि करिश्मा सब इल्जाम किसी के सिखावे, बहकावे और दिए गए लालच में लगा रही है। नाबालिग होने के कारण उसमे अभी पूरी समझ नहीं है।
पिता रामबहादुर सोनकर ने कहा कि करिश्मा समेत सभी पांच बच्चे उनके अपने हैं। मां दुर्गेश सोनकर ने करिश्मा को देखते ही कहा, वाह रे बिटिया, तेरे लिए मैंने क्या-क्या दुख नहीं सहे। पढ़ा-लिखा कर बड़ा किया और तूने एक मिनट में मुझे सौतेला कह दिया। जरूर तुझसे यह बात कोई कहलवा रहा है। तू ऐसा नहीं कह सकती। बड़ी बहन कीर्ति भी करिश्मा की बातें सुनकर हैरान थी। उसने कहा कि हम पांचों भाई-बहन एक मां-बांप की औलाद हैं। करिश्मा का अपहरण के बाद ब्रेन वाश किया गया है। उसे डराया-धमकाया गया है। आरोपियों ने उससे जो कहने के लिए कहा है, वह वही कह रही है।
बहनें बोलीं, घर आए थे शिवम का पिता
पीलीभीत। करिश्मा की बहन मालविका ने बताया कि करीब एक माह पहले शिवम कटियार के पिता उसके घर आए थे। उसने खुद को कोच बताया था। उस समय वह और करिश्मा ही घर पर थे। इस दौरान जब वह किचन में चाय बना रही थी, तब शिवम के पिता करिश्मा से बातचीत करते हुए पूछ रहा था शिवम अच्छा खिलाड़ी है। उसे उसकी आदतें कैसी लगती हैं। मालविका ने बताया कि शक होने पर उसने पूछा कि वह शिवम के पापा तो नहीं, लेकिन उन्होंने इससे इन्कार करते हुए करिश्मा की तारीफ की तथा उसे जल्द ही नौकरी दिलाने का लालच भी दिया। बड़ी बहन कीर्ति ने बताया कि शिवम उसके घर के इर्द-गिर्द अक्सर घूमता रहता था।
एसपी ने टीम को किया पुरस्कृत
पीलीभीत। एसपी सोनिया सिंह ने बताया कि करिश्मा सोनकर को बरामद करने में अहमभूमिका निभाने वाले सर्विलांस टीम के प्रभारी सत्येंद्र यादव और महिला एसओ गुड्डी गंगवार को पांच हजार रुपये देकर सम्मानित किया है।