- दो दिन पुराने विवाद में सुलह होने के बाद फिर किया हमला
- कोतवाली पुलिस ने चार पर दर्ज की रिपोर्ट, जांच में जुटी
दो दिन पूर्व हुए मामूली विवाद में समझौता होने के बाद सपा नेता ने दुबारा गुंडई दिखाई। फूल विक्रेता का आरोप है कि दुकान से घर लौटते वक्त सपा नेता ने रास्ते में रोककर गाली गलौज की। इसका विरोध करने पर साथियों संग हमला कर दिया और मारपीट शुरू कर दी। उसे चाकू से वार करके घायल कर दिया। पीड़ित से तहरीर मिलने पर पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
मोहल्ला खुशीमल के रहने वाले मनोज सैनी ने बताया कि वह रंगीलाल चौराहा पर फूल की दुकान करता है। दो दिन पहले पास के ही एक सपा नेता सागर सैनी से उसका मामूली विवाद हो गया था। जिसमें सुनगढ़ी थाने में दोनों पक्षों के बीच सुलह हो गई। बुधवार रात वह दुकान बंद कर घर जा रहा था। आरोप है कि सुलह के बावजूद सपा नेता ने उसको रोककर गाली गलौज शुुरू कर दी। इसके बाद अपने साथियों के साथ मिलकर मारपीट करने लगा। आरोप है कि चाकू से वार करके उसे घायल कर दिया। चाकू युवक के हाथ और पीठ में लगा। इसके बाद आरोपी शिकायत करने पर जान से मारने की धमकी देकर भाग गए। उसने इसकी शिकायत कोतवाली पुलिस से की। पुलिस ने मेडिकल कराकर मामले की जांच शुरू कर दी है। कोतवाल जयवीर सिंह ने बताया कि तहरीर के आधार पर सागर सैनी, आशीष सैनी, सौरभ राठौर समेत चार के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है। घायल का मेडिकल और एक्स-रे कराया जा रहा है। उसकी रिपोर्ट के आधार पर धाराएं बढ़ा दी जाएंगी।