चंदिया हजारा में फायरिंग, पुलिस चौकी में आगजनी के मामले को लेकर एक वकील ने थाना हजारा एसओ पर गंभीर आरोप लगाए हैं। आरोप है कि दर्ज मामले में लगी धाराओं को कम करने के लिए एसओ ने 10 आरोपियों से 20 हजार रुपये ले लिए और धाराएं भी कम नहीं की। एसपी ने मामला गंभीर पाते हुए पूरे प्रकरण की जांच एसएसपी को सौंपी है।
वकील अरुण मिश्रा दो अन्य वकीलों के साथ बुधवार को एसपी से मिले। उन्होंने एसपी को शिकायती पत्र देते हुए बताया कि दो महीने पहले चंदिया हजारा में पुलिस-पब्लिक के बीच विवाद हो गया था। जिसमें फायरिंग और पुलिस चौकी पर आगजनी की घटना हुई थी। आरोप है कि एसओ ने 10 आरोपियों पर धाराएं कम करने के लिए उनसे यह कहते हुए 20 हजार रुपये मांगे थे कि उन्हें अधिकारियों को भी समझना पड़ेगा। इस पर आरोपियों ने दो-दो हजार रुपये चंदा कर एसओ को 20 हजार रुपये दे दिए। इसके बाद भी एसओ ने धाराएं कम नहीं की। एसपी ने आरोपों को गंभीरता से लिया है। एसपी जवाहर ने बताया कि उन्होंने मामले की जांच एएसपी को सौंपी है। जांच में रिश्वत लेने की पुष्टि होने पर एसओ के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।