संतोषपुरा गांव में सोमवार को दो पक्षों के बीच जमकर मारपीट हुई। इसमें दो लोग ख्यालीराम औैर भजनलाल घायल हो गए। पुलिस ने दोनों पक्षों की ओर से एक-दूसरे के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
संतोषपुरा निवासी ख्यालीराम और भजनलाल के बीच कहासुनी के बाद दोनों पक्षों के बीच मारपीट शुरू हो गई। मारपीट में ख्यालीराम व भजनलाल घायल हो गए। ख्यालीराम का आरोप है कि भजनलाल और पूरनलाल के बीच झगड़ा हो रहा था। वह मौके पर पहुंच गए और दोनों को समझाकर शांत करने की कोशिश करने लगे। इस पर दोनों उसके ऊपर हमलावर हो गए और मारपीट कर घायल कर दिया। उधर, भजनलाल ने बताया कि वह घर के सामने अपने पुत्र को डांट रहे थे। आरोप है कि ख्यालीराम दीवार से झांकने लगे। मना करने पर गाली गलौच करने लगे। गाली देने से मना किया तो उसकी मारपीट करने लगे। पुलिस ने ख्यालीराम की ओर से भजनलाल, पूरनलाल और दूसरे पक्ष के भजनलाल की ओर से ख्यालीराम, ढाकनलाल, पप्पू, राम सिंह के खिलाफ एनसीआर दर्ज की है। उधर, दूसरी घटना में मोहल्ला काला मंदिर निवासी गायत्री देवी ने अपने पति महेंद्र, घनश्याम के खिलाफ मारपीट की रिपोर्ट दर्ज कराई है। महिला का आरोप है कि उसके पति ने अपने साथी घनश्याम के साथ मिलकर उसकी पिटाई कर दी। प्रभारी निरीक्षक बृजेश सिंह ने बताया कि दोनों मामलों की रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। घायलों का मेडिकल परीक्षण कराया गया है।