तस्करी कर बाइक से कपड़े की गांठ नेपाल ले जाते समय पकड़े गए आरोपी सुनील गुप्ता के भाई सर्वेश ने एसएसबी के एक जवान को बसही बाजार में घेर लिया और उसकी पिटाई कर दी। उधर, आरोपी सर्वेश ने एसएसबी जवानों पर बेवजह पिटाई करने का आरोप लगाया है। एसएसबी जवान ने घटना की तहरीर खीरी जिले के संपूर्णानगर थाने में तहरीर दी है। वहीं आरोपी ने खीरी के एसपी को शिकायती पत्र देकर आरोपी जवान के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
इंडो नेपाल बार्डर पर स्थित बसही की 26 वीं वाहिनी पीलीभीत के चौकी प्रभारी राजेंद्र सिंह ने बताया कि रविवार देर शाम को जवानों ने पिलर संख्या 200 के पास गांव के ही सुनील गुप्ता को पकड़ा था। वह बाइक पर कपड़े का गट्ठर रखकर नेपाल जा रहा था। पकड़े गए तस्कर को बरामद सामान के साथ एसएसबी ने खीरी जिले के पलिया कस्टम कार्यालय को सौंपा था। कस्टम विभाग ने उसी दिन आरोपी को जमानत दे दी। इससे तस्कर सुनील गुप्ता का भाई सर्वेश नाराज था। चौकी प्रभारी ने बताया कि सोमवार को कंपनी का जवान मंटू कुमार अपने साथी उत्पल के साथ कैंप से कुछ दूरी पर बार्डर पर बैठे जवानों को चाय देकर वापस आ रहा था। आरोप है कि रास्ते में मिले सर्वेश ने जवान के साथ गालीगलौज की। जवान के विरोध करने पर उसकी पिटाई कर दी। शोरशराबा होने पर जब तक साथी जवान मौके पर पहुंचते आरोपी भाग निकला।
उधर, आरोपी सर्वेश का कहना है कि वह अपने निजी काम से नेपाल जा रहा था तभी एसएसबी जवानों ने उसे रोक लिया और तलाशी लेने के बाद उसकी पिटाई कर दी। पीड़ित जवान ने संपूर्णानगर थाने में पहुंच कर रिपोर्ट दर्ज कराने के लिए तहरीर दी है, जबकि आरोपी सर्वेश ने एसपी को शिकायती पत्र भेजकर कार्रवाई की मांग की है। एसओ संपूर्णानगर सुनील कुमार सिंह ने बताया कि एसएसबी के जवान की तहरीर मिली है। जांच के बाद रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।