ताजियों का जुलूस निकालने के दौरान बिसेन गांव में दो पक्षों के बीच हुए बवाल के मामले में क्रास रिपोर्ट दर्ज करने के बाद पुलिस ने भी तीसरा मुकदमा दरोगा की तरफ से दर्ज कराया है। इसमें पांच नामजद और 13 अज्ञात पर संगीन धाराएं लगाई गई हैं। इसके अलावा रात भर दबिश देने के बाद छह की गिरफ्तारी कर चालान किया है। गांव में तनाव के हालात को देखते हुए पुलिस-पीएसी की तैनाती है।
जहानाबाद के बिसेन गांव में रविवार को मुहर्रम के मौके पर ताजियों का जुलूस निकाला जा रहा था। ताजियों की संख्या और अधिक ऊंचाई को नई परंपरा बताते हुए दूसरे पक्ष के लोगों ने रोक लिया। इसके बाद दोनों पक्षों के बीच जमकर मारपीट और पथराव हुआ था। इसमें 13 लोग घायल हो गए थे। देर रात दोनों पक्षों से मिली तहरीर पर पुलिस ने क्रास रिपोर्ट दर्ज कर घायलों का मेडिकल कराया। गांव में तनाव की स्थिति को देखते हुए भारी पुलिस बल और पीएसी को तैनात कर दिया गया, जोकि दूसरे दिन सोमवार को भी तैनात रहा। अफसर समय-समय पर गांव के हालात का जायजा लेने में जुटे रहे। बवाल के बाद जिला प्रशासन की ओर से किए गए सुरक्षा बंदोबस्त को लेकर बरती गई लापरवाही अफसरों की किरकिरी की वजह बनीं। उपद्रव करने वालों पर कानूनी शिकंजा कसते हुए रात में ही तीसरा मुकदमा पुलिस की ओर से दर्ज किया गया है। इसमें गांव के शाहिद, साबिर, शहरोज, जाहिद, इस्ताक अहमद, मुस्ताक अहमद को नामजद करने के साथ ही 13 अज्ञात को शामिल किया गया है। इन पर बलवा, सरकारी कार्य में बाधा डालना, सेवन क्रिमिनल लॉ एक्ट समेत संगीन धाराएं लगाई गई हैं। पथराव करने वाले लोगों की धरपकड़ को रात भर दबिशें दी गईं। इसके बाद छह आरोपी शाहिद, जाहिद, शहरोज, तसलीम, चेतराम, गोधनलाल को गिरफ्तार किया गया है। अफसरों का कहना है कि गांव में हालात पूरी तरह से सामान्य है। एहतियातन फोर्स की तैनाती की गई है।