मोहल्ला बागगुलशेर खां निवासी पुरुषोत्तम सिंह ने शहर निवासी सिंचाई विभाग के एक सींचपाल पर धोखाधड़ी कर संपत्ति का बैनामा कराने के बाद 22 लाख रुपये न देने का आरोप लगाया है। उसने एसपी को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। एसपी ने मामले की जांच शहर कोतवाली पुलिस को सौंपी है।
मोहल्ला बागगुलशेर खां निवासी पुरुषोत्तम सिंह ने बताया कि उसकी जमीन रूपपुर कमालू के पास बीसलपुर हाईवे पर है। उसने अपनी जमीन मोहल्ला एकतानगर निवासी एक व्यक्ति के हाथ 20 लाख रुपये में बिक्री करने का सौदा किया था। खरीददार ने रजिस्ट्री कराने के बाद पैसा देने का अश्वासन दिया। आरोप है कि सात अक्तूबर 15 को जब उन्होंने जमीन की रजिस्ट्री कराने के बाद रुपये मांगे तो आरोपी ने साथ लाई गई चेक को गलत बताया और कहा कि बैंक में चलकर पैसा देंगे। इस पर वह बैंक गए तो आरोपी के खाते में बैलेंस ही नहीं था। आरोपी उसे बैंक में छोड़कर यह कहकर चला गया कि वह दूसरा चेक लेकर आ रहा है, लेकिन वापस नहीं लौटा। जब उसने पैसे मांगे तो टालमटोल करने लगा। कई रोज बाद आरोपी ने दो लाख रुपये मांगे। न देने पर जमीन बिक्री करने की धमकी दी। जिस पर उसने दो लाख रुपये भी दे दिए, लेकिन आरोपी अभी भी पैसा नहीं दे रहा है। लगातार प्लाट बेचने की धमकी दे रहा है। पीड़ित ने एसपी को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। एसपी जवाहर ने बताया कि शहर कोतवाल को मामले की जांच कर कार्रवाई के आदेश दिए हैं।