बच्ची के साथ रेप के बाद हत्या से पूरा गांव स्तब्ध हैं। बच्ची के पिता तीन साल पहले थाना बरखेड़ा स्थित पैतृक घर छोड़कर पत्नी और बच्चों के साथ अपनी ससुराल में रहने लगे थे।
रेप के बाद हत्या की शिकार हुई बच्ची चार बहनों में सबसे छोटी थी। उसका एक भाई है। तीन साल पहले पिता ने पत्नी और बच्चों के साथ ससुराल में आकर रहना शुरू कर दिया था। बच्ची के पिता भले ही मजदूरी कर परिवार पाल रहे हों, लेकिन गांव में उनकी आम शोहरत अच्छी है। ननिहाल में रहने के कारण सभी बच्चियां भी मोहल्लेवालों की दुलारी हैं। सोमवार को जब बच्ची का शव मिलने की जानकारी मिली तो घटना स्थल पर सैकड़ों की संख्या में ग्रामीणों की भीड़ उमड़ पड़ी। गांव में मातमी सन्नाटा छाया रहा। आसपास की महिलाएं रोते-बिलखते परिवारवालों को ढांढस बंधाती रहीं।
आरोपी पर दर्ज हैं कई मामले
आरोपी पर थाना सुनगढ़ी में चोरी के मामले दर्ज हैं। ग्रामीणों के मुताबिक वह अविवाहित है और उसकी उम्र करीब 25 साल है। वह शराब और सुल्फे के नशे का आदी है। उसे जुएं की लत भी है। ग्रामीणों की मानें तो गांव के ही कुछ खुराफाती लड़कों के साथ उसका उठना-बैठना है।
टीम ने लिए नमूने
बच्ची के साथ रेप के बाद हत्या की सूचना पर एसपी के आदेश पर फील्ड यूनिट की टीम मौके पर पहुंची। टीम ने मौके से फिंगर प्रिंट आदि लिए। पुलिस ने मौके पर पड़ा खून भी कब्जे में ले लिया।