घर पर मां के साथ सो रही एक सात वर्षीय बालिका को गांव का ही एक किशोर उठाकर ले गया और पास की झाड़ियों में उसके साथ दुराचार करने की कोशिश की। बच्ची की चीख सुनकर घरवाले बाहर निकल आए, जिस पर आरोपी मौके से धमकी देकर भाग गया। बुधवार सुबह बच्ची की मां से तहरीर मिलने पर पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
घुंघचाई चौकी क्षेत्र के एक गांव की रहने वाली महिला ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उसके पति की छह साल पहले मौत हो चुकी है। वह अपने तीन बच्चों, दो बेटे और एक सात साल की पुत्री के साथ रहती है। मंगलवार रात को पूरा परिवार एक साथ सो रहा था। आरोप है कि गांव का ही एक किशोर घर में घुस आया। इसके बाद मां के पास सो रही सात साल की बच्ची को उसका मुंह दबाकर उठा ले गया और घर के बाहर की झाड़ियों में ले जाकर दुराचार की कोशिश करने लगा। इस बीच बच्ची ने चीखना चिल्लाना शुरू कर दिया। बेटी की चीख सुनकर मां जाग गई। कमरे में बेटी के नदारद मिलने पर उसके होश उड़ गए। बाहर आकर बेटी को तलाशा तो आरोपी उसके साथ दुराचार की कोशिश करता दिखाई दिया। मां के बचाने पर आरोपी जान से मारने की धमकी देकर भाग गया। पीड़ित बच्ची की मां के अनुसार आरोपी की उम्र सोलह साल की है। बुधवार सुबह महिला ने बेटी के साथ हुई घटना की नामजद तहरीर चौकी पुलिस को दी। जिस पर पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। घुंघचाई चौकी इंचार्ज आरबी सिंह ने बताया कि तहरीर मिली है। मामले की जांच की जा रही है। जिस पर आरोप लगाया गया है, वह भी नाबालिग है। तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज किया जा रहा है।