सुनगढ़ी पुलिस ने दो स्थानों से सात गोवंशीय पशु बरामद किए, लेकिन तस्कर चकमा देकर भागने में सफल रहे। पुलिस ने बरामद पशुओं को देवीपुरा गोशाला भेज दिया है। दोनों मामलों की रिपोर्ट दर्ज कर पुलिस तस्करों का पता लगाने में जुट गई है।
सोमवार देर रात पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि पूरनपुर की ओर से आ रही कार में पशु ले जाए जा रहे हैं। सूचना पर पुलिस कार्रवाई करने वाली ही थी कि अचानक तेज गति से आ रही एक कार पूरनपुर की ओर से आकर बीसलपुर रोड पर मुड़ी। कार के शीशों पर ब्लैक फिल्म चढ़ी हुई थी। जिसके बाद आसाम चौकी प्रभारी इंद्रजीत सिंह भदौरिया ने कार को पकडने के लिए टीम के साथ पीछा शुरू कर दिया। पुलिस को पीछे आता देख तस्करों ने स्पीड बढ़ा दी। रूपपुर गांव के पास पहुंचते ही तस्करों की कार अनियंत्रित होकर पलट गई। कार पलटने की आवाज सुनकर गांव के लोग जमा हो गए। तस्करों ने बाहर निकलने के बाद पहले ग्रामीणों से कार सीधी कराने के लिए मदद मांगी, लेकिन बाद में पुलिस के डर से भाग निकले। थोड़ी ही देर में पीछा कर रही आसाम चौकी पुलिस मौके पर पहुंच गई। पलटी हुई कार को चेक किया तो उसमें तीन गोवंशीय पशु बरामद हुए। आसपास के इलाके में तस्करों को तलाश किया गया, लेकिन कोई नहीं मिल सका। इधर भिकारीपुर चौकी क्षेत्र में गोवंशीय पशु बरामद हुए। चौकी प्रभारी आरके पांडे ने मुखबिर की सूचना पर दबिश देकर अमरिया रोड से चार प्रतिबंधित पशुओं को बरामद किया, हालांकि तस्कर यहां भी भागने में सफल रहे। इंस्पेक्टर सुनगढ़ी योगेंद्र पाल शर्मा ने बताया कि बरामद पशुओं को देवीपुरा गोशाला भेज दिया गया है। भिकारीपुर चौकी पुलिस फरार तस्करों की पहचान कर चुकी है। तस्करों की गिरफ्तारी के लिए दबिशें दी जा रही है।