शातिर अपराधी हाथ लगने पर पुलिस अपनी पीठ स्वयं थपथपा कर उसकी गिरफ्तारी दिखाने को अक्सर ताना-बाना बुनती है, लेकिन एक स्कूल प्रबंधक को पुलिस घटना के छह दिन बाद भी गिरफ्तार नहीं कर सकी है। इससे लोगों में रोष है। पुलिस अब उसकी गिरफ्तारी के लिए सर्विलांस की मदद लेगी।
गांव कढैया कनपारा में छह दिन पहले स्कूल का बीम गिरने से शिक्षिका और छात्रा की मौत हो गई थी। इस मामले में पुलिस ने शिक्षिका के पिता गांव कसगंजा निवासी जय प्रकाश शुक्ला की ओर से स्कूल के प्रबंधक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की थी। पुलिस अगर शुरू में थोड़ा भी प्रयास करती तो आरोपी स्कूल प्रबंधक को पकड़ा जा सकता था।
पुलिस की लापरवाही के कारण आरोपी प्रबंधक पुलिस के हाथ नहीं लग आ रहा है। आरोपी की गिरफ्तारी न होने से शिक्षिका और छात्रा के परिवार वालों में रोष है। चौकी इंचार्ज राजेश्वर सिंह ने बताया कि आरोपी की गिरफ्तारी के लिए कई स्थानों पर छापेमारी की जा चुकी है, लेकिन वह नहीं मिला। अब पुलिस सर्विलांस का सहारा लेगी।