वनविभाग की टीम ने गश्त के दौरान जंगल में शिकार की फिराक में घूम रहे दो शिकारियों को पकड़ लिया। उनके कब्जे से एक पौनिया बंदूक, छह जिंदा कारतूस और एक खोखा बरामद किया है। दोनों से पूछताछ के बाद वन विभाग ने उन्हें जेल भेज दिया है।
टाइगर रिजर्व की माला रेंज में डिप्टी रेंजर वजीर हसन टीम के साथ गश्त कर रहे थे। इस दौरान रेंज की रामनगर बीट में दो शिकारी घूमते दिखे, जिनके हाथ में बंदूक थी। वनकर्मियों के ललकारने पर दोनों बंदूक छोड़कर भागने लगे, जिन्हें स्टाफ ने घेरकर पकड़ लिया। फेंकी गई पौनिया बंदूक को कब्जे में लेने के साथ वनकर्मियों ने दोनों की तलाशी ली, जिसमें उनके पास से पांच जिंदा और एक चला हुआ कारतूस बरामद हुआ। बंदूक की जांच करने पर उसकी नाल में भी एक कारतूस फंसा पाया गया। दोनों को रेंज कार्यालय लाकर पूछताछ की गई, जिसमें दोनों ने अपने नाम क्रमश: जमुना प्रसाद और भगीरथ निवासी महदखास कोतवाली दियोरिया बताया। माला एसडीओ डीके सिंह ने बताया कि दोनों शिकार की तलाश में घूम रहे थे। दोनों के खिलाफ केस काटकर जेल भेज दिया गया है।