स्टेशन रोड पर स्थित एक रेस्टोरेंट पर लंच पैकेट का भुगतान देते समय रेस्टोरेंट मालिक के बेटे ने किशोरी का हाथ पकड़कर छेड़छाड़ की और उसे अपने मोबाइल नंबर की स्लिप दे दी। किशोरी ने जब विरोध किया तो उसके साथ अभद्रता की। सुनगढ़ी पुलिस ने पीड़िता की ओर से रिपोर्ट दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
शहर कोतवाली क्षेत्र की रहने वाली एक किशोरी ने बताया कि वह शहर के एक कॉल सेंटर पर काम करती है। वह स्टेशन रोड पर स्थित एक रेस्टोरेंट पर अपनी बहन के लिए लंच पैकेट लेने गई थी। लंच पैकेट लेने के बाद वह जब काउंटर पर पैसे देने लगी तो वहां बैठे विवेक गुप्ता ने उसका हाथ पकड़ लिया और छेड़छाड़ की। उसके हाथ में मोबाइल नंबर लिखी एक स्लिप भी पकड़ा दी। जब उसने विरोध किया तो आरोपी ने उल्टे ही अभद्रता करनी शुरू कर दी। पीड़िता ने मामले की सूचना पुलिस को दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने आरोपी को हिरासत में ले लिया। इंस्पेक्टर अतुल प्रधान ने बताया कि पीड़िता की ओर से विवेक गुप्ता के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर गिरफ्तार कर लिया गया है। आरोपी रेस्टोरेंट मालिक का पुत्र है।
छेड़छाड़ के विरोध पर महिला को पीटा
जोगराजपुर। घर में घुसकर छेड़छाड़ का विरोध करने पर महिमा की पिटाई कर दी गई। शोर-शराबे पर आरोपी मौके से भाग गया। घटना की तहरीर पर पुलिस ने महिला को डॉक्टरी जांच के लिए सीएचसी पूरनपुर भेजा है।
क्षेत्र के एक गांव निवासी एक व्यक्ति की गैरमौजूदगी में उसके घर में घुसकर गांव के एक युवक ने उसकी पत्नी से छेड़छाड़ की। आरोप है कि विरोध पर युवक ने महिला की जमकर पिटाई कर दी। शोर-शराबे पर लोगों के एकत्र होने पर आरोपी भाग गया। घटना की तहरीर पर सेहरामऊ उत्तरी पुलिस ने महिला को डॉक्टरी जांच को सीएचसी पूरनपुर भेजा है।