ग्राम पंचायत अधिकारी की तहरीर पर हुई कार्रवाई
ग्राम जंगरौली आशा में कोटे की बैठक में बवाल का मामला
कोटा चयन की बैठक के दौरान हुए बवाल के मामले में शाम को न्यूरिया थाना में एसडीएम के आदेश पर कानूनी कार्रवाई की गई। इसमें पूर्व प्रधान समेत सत्रह लोगों को नामजद कर सरकारी कार्य में बाधा डालने, सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाने और धमकाने की रिपोर्ट दर्ज की गई है। हालांकि, अभी कोई आरोपी गिरफ्तार नहीं किया जा सका है।
एसडीएम वंदना त्रिवेदी ने घटना के बाद न्यूरिया थाने पहुंचकर उपद्रव करने वालों पर शिकंजा कसा। ग्राम पंचायत अधिकारी अमरिया अबरार अहमद की ओर से तहरीर दी गई। जिसमें कोटा चयन की बैठक में पूर्व प्रधान और उनके समर्थकों पर कोटा मांगने वाली गायत्री देवी के पक्ष में परिणाम घोषित करने का दबाव बनाने और ऐसा न होने पर हमलावर होकर मारपीट और तोड़फोड़ का आरोप लगाया। एसएचओ जसपाल सिंह ग्वाल ने बताया कि तहरीर के आधार पर जंगरौली आशा के पूर्व प्रधान लालाराम, उनके बेटे लालता प्रसाद, बुद्धसेन, कांताप्रसाद, चेतराम, श्रीकृष्ण, रामबेटी, बाबूराम, झम्मनलाल, प्रेमशंकर, बबलू, लालमन, रामकली, छोटेलाल, चोखेलाल, राधेश्याम, भगवानदास को नामजद किया है। सभी पर विभिन्न धाराएं लगाई गईं हैं। गुंडई करने वालों के खिलाफ सख्ती की जाएगी।