गांव रूरा रामनगर में एक देव स्थान की बाउंड्रीवाल तोड़कर दरवाजा रखने से
गांव में एक ही समुदाय के दो पक्षों के बीच तनाव व्याप्त हो गया। दो दिन
बाद भी पुलिस के कार्रवाई न करने से नाराज तमाम ग्रामीण शुक्रवार की सुबह
थाने पहुंचे और विरोध जताया। ग्रामीणों के रोष को देखते हुए मौके पर
पहुंची पुलिस ने दरवाजा हटवाकर बाउंड्रीवाल बना दी है। ग्रामीणों में दो
दिन के भीतर आरोपी के खिलाफ कार्रवाई न करने पर थाने का घेराव कर
धरना-प्रदर्शन की चेतावनी एसओ को दी। तनाव को देखते हुए गांव में पुलिस
तैनात की गई है।
थाना न्यूरिया क्षेत्र के गांव रूरा रामनगर में एक
देव स्थान है। ग्रामीणों के मुताबिक देव स्थान के चारों ओर बाउंड्रीवॉल बनी
थीं। आरोप है कि 17 फरवरी की रात में पड़ोसी ने देवस्थल की बाउंड्रीवॉल
तोड़कर दरवाजा रख दिया और ईंटे गायब कर दीं। इस बात की जानकारी जब
ग्रामीणोें को हुई तो उनमें रोष व्याप्त हो गया। ग्रामीणों के विरोध करने
पर दोनों पक्ष आमने-सामने हो गए।
ग्रामीणों ने घटना की तहरीर पुलिस को दी,
लेकिन पुलिस ने मामले को गंभीरता से नहीं लिया और चुप्पी साधकर बैठ गई। दो
दिन बाद भी पुलिस कार्रवाई न होने से ग्रामीणों में रोष भड़क उठा। शुक्रवार
की सुबह ट्रैक्टर ट्रॉली से सपा जिला सचिव चंद्रसेन के नेतृत्व में
बाबूराम, मूलचंद्र, रामऔतार, जगदीश, जसवंत समेत करीब 60-70 ग्रामीण थाना
पहुंचे और हंगामा करने लगे।
ग्रामीणों के आक्रोष पर एसओ शमशाद अहमद पुलिस
बल के साथ मौके पर पहुंचे और रखे दरवाजे को हटवाकर तोड़ी गई बाउंड्रीवॉल का
निर्माण कराया। ग्रामीणों ने एसओ को चुनैती दी कि यदि धार्मिक स्थल की
ईंटे गायब करने व बाउंड्रीवॉल तोड़ जाने की रिपोर्ट पुलिस ने दर्ज नहीं की
तो ग्रामीण दो दिन बाद थाने का घेराव कर धरना प्रदर्शन करेंगे। घटना के बाद
से गांव में तनाव व्याप्त है।
एसओ शमशाद अहमद ने बताया कि तनाव को देखते
हुए एक दरोगा व पांच सिपाहियों को मौके पर तैनात किया गया है। उन्होंने
बताया कि तोड़ी गई दीवार बनवाकर पुलिस मामले की जांच कर रही है। जांच के
बाद रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।