बीडीसी का चुनाव लड़ रहे एक प्रत्याशी ने कुछ लोगों पर अपहरण कर नाम वापस लेने का दबाव बनाने और ऐसा न करने पर जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है। प्रत्याशी ने घटना की तहरीर सुनगढ़ी पुलिस को दी है।
शहर से सटे नौगवां पकड़िया गांव निवासी राजेश कुमार ने सुनगढ़ी पुलिस को दी तहरीर में कहा है कि उसने बीडीसी के लिए वार्ड नंबर तीन से नामांकन कराया है। शनिवार की रात एक अस्पताल में भर्ती अपने मामा को देखकर घर जा रहा था। रास्ते में गांव का एक व्यक्ति मिल गया और बातें करते हुए वह अपने घर ले गया। वहां उससे नाम वापसी का दबाव बनाया।
आरोप है नाम वापसी से इंकार करने पर उसने कुछ अन्य लोगों की मदद से उसे जबरन कार में बैठा लिया और रात को ही खटीमा ले गया। रविवार को पूरे दिन बंधक बनाए रखा। शाम को करीब पांच बजे वह उसे नौगवां चौराहे पर छोड़ गए। किसी तरह घर पहुंचकर उसने घरवालों को जानकारी दी। बाद में थाने में तहरीर दी। सुनगढ़ी थाना प्रभारी इंस्पेक्टर बृजेश सिंह ने बताया तहरीर मिली है। मामला संदिग्ध लग रहा है। जांच की जा रही है। जांच के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।