सुनहरी मस्जिद के पास सर्राफा कारोबारी की आंख में मिर्च झोंककर लूटी गई दो चेनों के मामले में पुलिस ने देर रात अज्ञात लुटेरे के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है। एसपी ने इस मामले में एक और सिपाही धर्मवीर को सस्पेंड कर घटना के खुलासे के लिए स्वाट टीम (स्पेशल वैपन एंड टेक्टिस) को लगाया है। पुलिस ने दूसरे दिन एसबीआई बैंक में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले, लेकिन लुटेरों की पहचान नहीं हो सकी।
गुरुवार की देर सायं एक लुटेरा सुनहरी मस्जिद के पास स्थित गैस चौराहा निवासी जग्गो बाबू की दुकान से दो चेन उनकी आंखों पर मिर्च फेंककर लूट ले गया था। शहर कोतवाली पुलिस ने पीड़ित सर्राफ कारोबारी की ओर से देर रात अज्ञात लुटेरे के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर थी। मौका मुआयना करने के बाद एसपी ने लापरवाही करने पर पवन फोर के दो सिपाहियों को सस्पेंड कर खुलासे के लिए स्वाट टीम गठित की थी। एसपी ने पिकेट के एक और सिपाही धर्मवीर को लापरवाही बरतने के आरोप में गुरुवार की देर रात सस्पेंड कर दिया है। तीन सिपाहियों के निलंबन से सिपाही सकते में आ गए हैं।
उधर, घटना के खुलासे को लगी शहर कोतवाली पुलिस ने स्वाट टीम के साथ लाल रोड पर स्थित एसबीआई बैंक के सीसीटीवी फुटेज खंगाले, लेकिन फुटेज में लुटेरे की पहचान नहीं हो सकी। एसपी अनिल कुमार सिंह ने बताया कि पुलिस की टीमें खुलासे के लिए लगी हैं। शीघ्र ही लुटेरों को चिन्हित कर पुलिस घटना का खुलासा करेगी। मार्केट में गश्त बढ़ा दी गई है।
एसपी से मिले व्यापारी नेता
सर्राफा कारोबारी की दुकान से चेन लूटे जाने की घटना के बाद से व्यापारियों में दहशत है। उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल के जिलाध्यक्ष अफरोज जिलानी, सर्राफा एसोसिएशन के महामंत्री शैली अग्रवाल कई व्यापारियों के साथ एसपी से मिले। व्यापारी नेताओं ने कहा कि सात बजे से व्यापारी अपनी दुकानें बंद करने लगते हैं। उस समय व्यापारियों के पास पैसा होता है। शाम छह बजे से रात नौ बजे तक यदि मार्केट में गश्त बढ़ा दी जाए तो काफी हद तक घटनाओं पर अंकुश लग सकता है। एसपी अनिल कुमार सिंह ने व्यापारियों को सुरक्षा का भरोसा दिलाते हुए तत्काल प्रभाव से मार्केट में गश्त बढ़ाने का आश्वासन दिया है।
भाजपा कार्यकर्ताओं ने डीएम-एसपी को सौंपा ज्ञापन
भाजपा जिला प्रवक्ता दीपक अग्रवाल के नेतृत्व में तमाम भाजपा कार्यकर्ता डीएम-एसपी से मिले और उन्हें राज्यपाल के नाम संबोधित ज्ञापन सौंपा। लूट-छिनैती, चोरी की घटनाओं पर अंकुश न लगने पर आंदोलन की चेतावनी दी। ज्ञापन देने वालों में बरखेड़ा विधानसभा के पूर्व प्रत्याशी स्वामी प्रवक्तानंद, तुलाराम लोधी, अंबरीश मिश्र, प्रदीप नवरंग, वीरेंद्रपाल, गौरव अवस्थी, दीपक पांडेय आदि कार्यकर्ता शामिल रहे।