नौगवां नवीनगर के नवनिर्वाचित प्रधान रामपाल गंगवार हत्याकांड के हमलावरों का सुराग पुलिस तीसरे दिन भी नहीं लगा सकी है। शक के आधार पर पुलिस की दो टीमों ने शाहजहांपुर पहुंचकर कस्बा पुवायां और खुटार में कई संभावित स्थानों पर छापे मारे, लेकिन पुलिस के हाथ कोई नहीं लगा। उधर, गांव में तनाव की स्थिति बरकरार है। इसके चलते अभी भी पीएसी तैनात है।
15 दिसंबर को गांव बिहारीपुर हीरा की साप्ताहिक बाजार में नौगवां नवीनगर के नवनिर्वाचित ग्राम प्रधान रामपाल गंगवार की दो लोगों ने गोली मारकर हत्या कर दी थी। मृतक के पुत्र की ओर से अज्ञात हमलावरों के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज की थी। इस हत्याकांड के खुलासे के लिए सीओ बीपी सिंह के नेतृत्व में गठित पुलिस की तीन टीमें गांवों की खाक छान कर सुरागरसी कर रही है, लेकिन अभी तक उन्हें कोई सफलता नहीं मिली है। बृहस्पतिवार को पुलिस की एक टीम जिला शाहजहांपुर के कस्बा पुवायां और दूसरी टीम कस्बा खुटार पहुंची। संदेह के आधार पर हत्यारोपियों की तलाश में कई संभावित स्थानों पर छापे मारे, लेकिन सफलता नहीं मिली है। कोतवाल एसएस यादव ने बताया कि हत्याकांड से जुड़े कुछ महत्वपूर्ण सुराग पुलिस को मिले हैं। जिसके आधार पर धरपकड़ तेज कर दी गई है। इधर, गांव में तनाव बरकरार है, जिसके चलते गांव में पुलिस और पीएसी डेेरा डाले हुए है।