चरस, अफीम बरामदगी के आरोप में कोतवाली हवालात में बंद मोहल्ला रजागंज देहात निवासी शकील अहमद और सद्दाम की पुलिस कस्टडी में संदिग्ध परिस्थिति में मौत हो गई। दोनों की मौत पर आक्रोशित लोग परिवार वालों के साथ कोतवाली पर पहुंचे और एसपी का घेराव कर प्रदर्शन करते हुए आरोपी पुलिस वालों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की मांग की। डीएम मासूम अली सरवर ने बताया कि एक मृतक की पत्नी की तहरीर पर आरोपी पुलिस वालों के खिलाफ हत्या और हत्या के षडयंत्र का मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले की मजिस्ट्रेटी जांच के आदेश दे दिए गए हैं। एसपी अनिल कुमार ने बताया कि प्रथम दृष्ट्या दोषी पाए जाने पर कोतवाल, मुंशी और संतरी को निलंबित कर दिया गया है। वहीं नगर चौकी इंचार्ज को लाइन हाजिर कर दिया गया है।
कोतवाली क्षेत्र के पूरनपुर देहात के मोहल्ला रजागंज निवासी शकील अहमद और सद्दाम को पुलिस बुधवार की शाम को चोरी करने के आरोप पर घर से उठा ले आई थी। पुलिस ने सद्दाम से अफीम और शकील से चरस बरामद दिखाकर उनके खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर दोनों को हवालात में डाल दिया था। हवालात में बंद दोनों युवकों की बृहस्पतिवार सुबह करीब साढ़े दस बजे अचानक हालत बिगड़ गई। इस पर आननफानन में पुलिस वाले उन्हें सीएचसी ले गए।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक जब तक यहां इलाज शुरू हो पाता। उससे पहले ही एक-एक कर दोनों की मौत हो गई। डॉक्टरों ने मौत की बात छिपाते हुए दोनों की हालत गंभीर बताई और दोनों को जिला अस्पताल रेफर कर दिया, जिन्हें जिला अस्पताल पहुंचने पर मृत घोषित कर दिया गया। युवकों की मौत की सूचना पर उसके परिवारों में कोहराम मच गया। घटना की जानकारी पर आक्रोशित लोगों ने कोतवाली का घेराव कर प्रदर्शन किया। एएसपी, एसपी के कोतवाली पहुंचने पर आक्रोशित लोगों ने उनका भी घेराव कर पुलिसकर्मियों के खिलाफ कार्रवाई और रिपोर्ट दर्ज कराने की मांग की। एसपी एके सिंह ने कोतवाल सहित तीन पुलिस कर्मियों को निलंबित करने और कस्बा चौकी इंचार्ज को लाइन हाजिर करने की घोषणा की। इसके बाद भी आक्रोशित लोग शांत नहीं हो हुए और आरोपी पुलिस वालों पर हत्या का मुकदमा दर्ज दर्ज कराने की मांग की। एसपी के तहरीर मिलने पर मुकदमा दर्ज किए जाने के आश्वासन पर आक्रोशित लोग शांत हुए।
सूचना पर जिलाधिकारी मासूम अली सरवर, डीआईजी आशुतोष कुमार भी मौके पर पहुंच गए। कई थानों की फोर्स भी बुला ली गई। सद्दाम की पत्नी की तहरीर पर कोतवाल समेत अन्य पुलिसकर्मियों और अस्पताल के डाक्टरों के खिलाफ हत्या और हत्या के षडयंत्र में शामिल होने की धारा में मुकदमा दर्ज किया गया।
सद्दाम चोरी के एक मुकदमे में वांछित था। सद्दाम और शकील अहमद बुधवार की शाम को नशीले पदार्थ सहित गिरफ्तार किए गए थे। दोनों की कैसे मौत हुई? इसका खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट में होगा। कोतवाल शक्ति सिंह, घटना के समय कार्यालय में तैनात मुंशी और संतरी पहरा को निलंबित और कस्बा चौकी इंचार्ज को लाइन हाजिर कर दिया गया है। पूरे मामले की जांच एएसपी को सौंपी गई है। जांच में अगर अन्य पुलिस कर्मियों की लापरवाही पाई गई तब उनके खिलाफ भी कार्रवाई होगी। कुछ लोगों ने डॉक्टरों पर लाशें रेफर करने की जानकारी दी है। इसकी जांच को सीएमओ को पत्र लिखा जाएगा।
- अनिल कुमार सिंह, एसपी
मामला खासा गंभीर है। पूरे मामले की मजिस्ट्रेटी जांच के आदेश दे दिए गए हैं। मृतक परिवार के आश्रितों को 50-50 हजार रुपये की आर्थिक सहायता भी तात्कालिक रूप से किसी स्वयं सेवी संस्थाओं से कराई जाएगी। जांच में जो भी दोषी मिलेगा उस पर कार्रवाई होगी।
- मासूम अली सरवर, जिलाधिकारी