थाना जहॉनाबाद क्षेत्र में कुंडरा कोठी के पास एक बाइक पर सवार तीन लुटेरों ने शहर के झंडेवाला चौराहा निवासी ललित शर्मा की कनपटी पर तमंचा रखकर उससे दो मोबाइल व दो हजार रुपये लूट ले गए। लुटेरों ने उसकी बाइक भी लुटने की कोशिश की, लेकिन स्टार्ट न होने के कारण नहीं ले जा सके। पुलिस ने पीड़ित की तहरीर नहीं ली है।
ललित शर्मा ने बताया कि वह रुद्रपुर की एक प्राइवेट कंपनी में नौकरी करते हैं। करवा चौथ पर घर आए थे। वापस लौटते समय थाना जहॉनाबाद क्षेत्र में कुंडरा कोठी के पास रात करीब पौने नौ बजे उनकी बाइक खराब हो गई। वह बाइक स्टार्ट करने की कोशिश कर रहे थे। तभी पीछे से एक बाइक पर सवार तीन युवक आ गए।
एक युवक ने उनकी कनपटी पर तमंचा रख दिया और दो युवकों ने तलाशी ली। जेब में रखे दो हजार रुपये व दो मोबाइल लूट लिए। इस दौरान लुटेरों ने उसकी पिटाई भी की। बाइक स्टार्ट न होने के कारण लुटेरे गाड़ी नहीं ले जा सके। उसने एक राहगीर की मदद से थाना जहॉनाबाद पुलिस को सूचना दी। सूचना पर पुलिस भी मौके पर पहुंची। पुलिस घटना स्थल का निरीक्षण कर वापस लौट गई।
लुटेरे पकड़ जाएं तो आना रिपोर्ट लिख दी जाएगी
पीड़ित ललित शर्मा ने बताया कि वह घटना की तहरीर देने थाना जहॉनाबाद पहुंचे। पुलिस ने तहरीर लेने से यह कहते हुए इंकार कर दिया कि लूटे गए मोबाइल के नंबर दे दो। जिन्हें सर्विलांस पर लगवाकर ट्रेस किया जाएगा। बदमाशों के पकड़े जाने पर मुकदमा दर्ज करेंगे। कहा कि पुलिस की इस कार्यप्रणाली से वह काफी आहत हैं। एसओ धनंजय सिंह का कहना है कि उनके क्षेत्र में कोई लूटपाट नहीं हुई है और न ही कोई तहरीर देने थाने पर आया है।
घटना की जानकारी मुझे नहीं है। यदि घटना हुई है तो रिपोर्ट दर्ज कराई जाएगी और वर्कआउट भी कराया जाएगा।
- जवाहर, एसपी