एसपी ने पुलिस अधिकारियों के साथ बैठक कर अपराध समीक्षा की। पिछले दिनों बलात्कार की घटनाओं में एकाएक बढ़ोत्तरी होने पर एसपी ने सभी थानाध्यक्षों से अपने क्षेत्र के अधेड़ उम्र के कुंवारों का डेटा बैंक तैयार करने के निर्देश दिए हैं। एसपी ने अपराध पर अंकुश लगाने के लिए सक्रियता और बढ़ाने के निर्देश दिए।
पुलिस लाइन सभागार में एसपी अनिल कुमार सिंह ने पहले पुलिस कर्मियों के साथ बैठक कर उनकी समस्याएं जानीं। इसके साथ ही होली एवं अन्य त्योहारों पर शांति बनाए रखने के लिए पहले से ही होमवर्क करने के निर्देश दिए। उन्होंने पुलिस कर्मियों से कहा कि त्योहारों के दौरान निकलने वाले जुलूस, उनके रास्ते और शामिल होने वालों की संख्या, आयोजकों आदि के बारे में पहले से ही जानकारी रखे। पुलिस कर्मियों की बैठक के बाद उन्होंने सीओ व थाना प्रभारियों के साथ अपराध समीक्षा बैठक की। एसपी ने पिछले दिनों अपराध में बढ़ोत्तरी होने पर नाराजगी जताई और जिन थाना क्षेत्रों में अपराधों की संख्या अधिक थी उनके थानाध्यक्षों को फटकार भी लगाई।
एसपी ने कहा कि छोटे-छोटे मसलों को गंभीरता से लेकर इनकी तह तक जाने का प्रयास करें। इस दौरान अपर पुलिस अधीक्षक विकास कुमार वैद्य, सीओ यशवीर सिंह, राजेश्वर सिंह, निर्मल सिंह विष्ट, बीपी सिंह, थाना प्रभारी बीके गौतम, अतुल प्रधान, राजेश यादव, ओमहरि वाजपेई, विवेक त्रिवेदी सहित कई पुलिस अधिकारी मौजूद थे।