मोहल्ला हबीबुल्ला जनूबी के एक विवादित भूखंड पर गुरुवार को दुकानों की नींव खोदने पहुंची पालिका की जेसीबी के सामने भूखंड पर अपना स्वामित्व जताने वाला युवक लेट गया, जिससे पालिका अधिकारियों के हाथ पांव फूल गए। एसडीएम ने मौके पर पहुंचकर कोर्ट से निर्णय होने तक निर्माण कार्य पर रोक लगा दी।
मोहल्ला हबीबुल्ला खां जनूबी के एक विवादित भूखंड पर दुकानें बनाने के लिए नींव खोदने के मकसद से नगर पालिका परिषद के अधिकारी, कर्मचारी गुरुवार को जेसीबी लेकर पहुंचे थे। जेसीबी नींव की खुदाई शुरू करती उससे पहले ही भूखंड पर अपना स्वामित्व जताने वाले मोहल्ले के शशिभूषण कटिहा जेसीबी के सामने लेट गए। युवक के जेसीबी के सामने लेट जाने से पालिका अधिकारियों के हाथपांव फूल गए। पालिका अधिकारियों ने जेसीबी के सामने लेटे युवक को उठाने का प्रयास किया, लेकिन युवक ने यह कहकर उठने से मना कर दिया कि पहले किसी मजिस्ट्रेट को मौके पर बुलाया जाए। शशि भूषण का कहना था कि भूखंड के स्वामित्व का वाद कोर्ट में चल रहा है। जब तक कोर्ट से वाद का निस्तारण नहीं होता तब तक कोई भी इस पर कब्जा नहीं कर सकता। शशि भूषण के पक्ष में मोहल्ले के कई लोग आ गए थे। इस मुद्दे पर दोनों पक्षों में काफी नोकझोंक भी हुई। मामला संज्ञान में आने पर तहसीलदार नन्हेंलाल विवाद सुलझाने पहुंचे। तहसीलदार भी जब विवाद नहीं सुलझा सके, तब एसडीएम बीपी सिंह मौके पर पहुंचे।
शशि भूषण ने एसडीएम को कोर्ट में चल रहे वाद से संबंधित कागजात दिखलाए। एसडीएम ने कहा कि जब तक कोर्ट से वाद का निस्तारण नहीं हो जाता तब तक नगर पालिका परिषद कोई निर्माण नहीं कराएगी। एसडीएम द्वारा जारी किए गए इस फरमान के बाद नगर पालिका परिषद का स्टाफ जेसीबी लेकर लौट आया। नगर पालिका परिषद की ओर से ईओ सुरेंद्र प्रताप, जेई जितेंद्र गंगवार, सफाई निरीक्षक अहमद हसन, कर अधीक्षक उमेश आनंद, संपत्ति प्रभारी जकील अहमद और तमाम कर्मचारी आए थे।