फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

पुलिस जांच की दिशा ही तय नहीं कर पा रही

Wed, 17 Aug 2016 11:31 PM IST
अमर उजाला ब्यूरो पीलीभीत।
विज्ञापन
जेवरात गायब - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन
पंजाब एंड सिंध बैंक के दो लॉकरों से 75 तोला सोना गायब होने का मामला 
विज्ञापन

दोनों पक्षों को सुनने के बाद भी नहीं मिल पा रहा है कोई क्लू
पंजाब एंड सिंध बैंक से छह दिन के भीतर दो लॉकरों से 75 तोला सोने के जेवरात गायब होने की गुत्थी सुलझाना पुलिस के लिए किसी चुनौती से कम नहीं है। दोनों पक्षों को सुनने के बाद भी पुलिस को कोई ऐसा क्लू नहीं मिल पाया है जिससे जांच की दिशा तय हो सके।
बता दें कि पंजाब एंड सिंध बैंक से 11 अगस्त को एकता नगर निवासी जसप्रीत कौर के लॉकर से 25 तोला सोने के जेवरात गायब हो गए थे। पांच दिन बाद 16 अगस्त को अशोक कॉलोनी निवासी डॉ. विपिन साहनी की मां सुदेश साहनी के लॉकर से 50 तोला सोने के जेवरात और अभिलेख गायब हो गए। दोनों ही मामलों में बैंक प्रबंधक समेत पूरे स्टाफ के खिलाफ अमानत में ख्यानत और धोखाधड़ी की रिपोर्ट दर्ज हुई है। पुलिस ने जेवरात गायब होने के दोनों मामलों का पर्दाफाश करने के लिए सुरागरसी तो शुरू की है लेकिन अब तक उसके हाथ कोई खास क्लू नहीं लगा है। बिना लॉक तोड़े जेवरात कैसे गायब हो गए, इस सवाल का ही जवाब नहीं मिल पाया है। बैंक स्टाफ ही नहीं पुलिस के सामने भी असमंजस की स्थिति है। इधर, पीड़ित बैंक की साठगांठ से ही जेवर गायब होने की बात कह रहे हैं। सुनगढ़ी पुलिस यह तय नहीं कर पा रही है कि जांच किस दिशा में शुरू की जाए। 
विज्ञापन


फील्ड यूनिट को भी नहीं मिला कोई क्लू 
मंगलवार को डॉ. विपिन साहनी की मां सुदेश साहनी के लॉकर से 50 तोला सोने के जेवरात गायब होने की सूचना मिलने पर पुलिस ने फील्ड यूनिट को बुलाया था लेकिन फील्ड यूनिट टीम भी पुलिस के लिए मददगार साबित नहीं हो सकी है। फील्ड यूनिट को लॉकर रूम से ऐसा कोई कोई सुराग नहीं मिला जिससे पुलिस की जांच आगे बढ़ सके। 

बैंक कर्मचारियों के बयान दर्ज किए
घटनाओं में पुलिस ने अपनी तहकीकात शुरू कर दी है। पुलिस ने बैंक कर्मचारियों के बयान दर्ज किए। संविदा कर्मचारियों से भी गहनता से पूछताछ की गई। इसमें बैंक कर्मचारियों से वारदात को लेकर उनका पक्ष जाना गया। इसके अलावा लॉकर रूम के अभिलेख भी चेक किए गए। 

एसपी से मुलाकात कर लगाई गुहार 
बुधवार को दोनों घटनाओं के पीड़ित परिवारों ने एसपी से मुलाकात कर वारदात के बारे में बताया और जल्द खुलासा करने की मांग की। एसपी ने बैंक नियमों के आधार पर जांच किए जाने की बात कही है। इसके अलावा जल्द स्थिति स्पष्ट होने का आश्वासन दिया। मुलाकात करने वालों में अमनदीप सिंह जौली, डॉ. विपिन साहनी, व्यापार मंडल जिलाध्यक्ष आफरोज जिलानी आदि थे। 

बैंक के जोनल कार्यालय से जांच शुरू 
दो लॉकर्स से सोना गायब होने के मामले की पंजाब एंड सिंध बैंक के बरेली स्थित जोनल कार्यालय ने भी जांच शुरू कर दी गई है। बरेली से आंचलिक कार्यालय प्रबंधक अमित अस्थाना बुधवार को पीलीभीत पहुंचे। उन्होंने स्टाफ से मामले की जानकारी ली। इसके अलावा लॉकर रूम को भी चेक किया।  

लॉकर से कुछ भी गायब होना नामुमकिन
पंजाब एंड सिंध बैंक शाखा के प्रबंधक एमएस टोलिया का कहना है कि लॉकर से कोई  भी चीज गायब होना नामुमकिन है। दरअसल, लॉकर रूम की एक मास्टर चाबी बैंक अफसरों के पास होती है। इसके अलावा लाकर्स की अलग-अलग चाबी उपभोक्ता के पास रहती हैं। लॉकर को तोड़ा भी नहीं जा सकता। अगर किसी की चाबी खो जाती है तो भी बैंक प्रबंधन स्थानीय स्तर पर लॉकर नहीं खोल सकता है। इसके लिए प्रार्थना पत्र लेकर जोनल कार्यालय भेजा जाता है। तब बाहर से आए कर्मचारी लॉकर धारक की मौजूदगी में उसे तोड़ते हैं। इसके बाद वह लॉकर किसी को आवंटित नहीं किया जाता है। लॉकर में क्या रखा गया है और क्या निकाला गया है, इसकी जानकारी भी बैंक स्टाफ को नहीं होती है। 


व्यापारियों ने एसडीएम को सौंपा ज्ञापन
पूरनपुर। युवा उद्योग व्यापार मंडल ने बैंक लॉकर से जेवरात गायब होने की घटनाओं पर प्रधानमंत्री को संबोधित ज्ञापन एसडीएम को सौंपा। ज्ञापन में घटनाओं की किसी एजेंसी से जांच करवाकर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की।
विज्ञापन

युवा उद्योग व्यापार मंडल के प्रांतीय मंत्री विजयपाल विक्की के नेतृत्व में युवा व्यापारियों ने प्रधानमंत्री को संबोधित ज्ञापन एसडीएम  को सौंपा। ज्ञापन में कहा गया है कि पीलीभीत के व्यापारी अमनदीप सिंह जौली की मां के पंजाब एंड सिंध बैंक के लॉकर से 25 तोला सोना 11 जुलाई को गायब हुआ। घटना की रिपोर्ट सुनगढ़ी थाने में दर्ज कराई गई। अब पुन: उसी बैंक के लॉकर से डॉ. विपिन साहनी की माता सुदेश साहनी के लॉकर से पचास तोला सोने के जेवरात गायब हुए हैं। ज्ञापन में घटना की किसी निष्पक्ष एजेंसी से जांच करवाकर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की गई। ज्ञापन देने वालों में विजयपाल विक्की, दीपक अग्रवाल, श्यामनाथ भारद्वाज, अवधेश भारती, फिरोज, पप्पू, मोईन खां, जमील खां, शान मोहम्मद, अशोक गुप्ता आदि  व्यापारी रहे।
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें