पुलिस ने तहरीर के आधार पर दर्ज की रिपोर्ट
एक युवक ने महिला की गला दबाकर हत्या कर दी। इसके बाद शव को खेत में फेंक दिया। मंगलवार सुबह लाश मिलने पर पुलिस ने छानबीन की और आरोपी को चंद घंटे बाद ही दबोच लिया। पूछताछ में उसने गुनाह कबूल कर लिया और कहा कि महिला की बेवफाई के चलते यह कदम उठाया।
दियोरियाकला कोतवाली क्षेत्र के टेहरी गांव की रहने वाली 45 वर्षीया विमला देवी उर्फ कोकिला देवी खुले घर में अकेली रहती थी। मंगलवार सुबह उसका शव मकान से कुछ दूरी पर एक खेत में पड़ा मिलने पर सनसनी फैल गई। खेत पर पहुंचे ग्रामीणों ने शव पड़ा देख इसकी सूचना पुलिस को दी। इस पर सीओ हरीश भदौरिया मय फोर्स मौके पर पहुंच गए। शव कब्जे में लेकर छानबीन शुरू की गई। शिनाख्त के बाद परिवारीजनों को सूचना दी गई। इस पर पीलीभीत में रह रही मृतका की पुत्री नत्थो देवी, पुष्पा देवी, छोटी, झनका देवी और बेटा अजय भी आ गए। बातचीत करने पर मामला परिवार वालों ने गांव के ही नेतराम के खिलाफ पुलिस को तहरीर दी। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। इधर आरोपी नेतराम को गिरफ्तार कर पूछताछ की गई। इसमें कुछ ही देर में हत्याकांड की गुत्थी सुलझ गई। सीओ हरीश भदौरिया ने बताया कि आरोपी ने पूछताछ के दौरान गला दबाकर हत्या करने की बात कबूल की है। उसने बताया कि मृतका विमला देवी का विवाह दस साल पहले टेहरी गांव के रीतराम से हुआ था। उसकी मौत के बाद मृतका आरोपी नेमराम के साथ बतौर पत्नी रहने लगी। आरोपी मृतका के पति का चचेरा भाई है। आरोपी ने बताया कि एक माह पूर्व मृतका का बिलसंडा क्षेत्र के रहने वाले एक युवक से प्रेम प्रसंग हो गया। वह उसके साथ जाकर रहने लगी। इसको लेकर कई बार दोनों के बीच विवाद भी हुए। महिला के न मानने पर उसने सोमवार रात गला दबाकर हत्या की और बाद में शव को खेत में फेंक दिया। आरोपी नेतराम के खिलाफ केस दर्ज कर चालान किया गया है।