एसपी ने मौके पर पहुंचकर घटना स्थल का जायजा लिया और घर वालों से घटना के बाबत जानकारी ली। छात्र के पिता की ओर से पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज कर ली है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में छात्र की रस्सी से गला घोटकर हत्या होने की पुष्टि हुई है।
गांव लोधीपुरा निवासी बाबू खां ने बताया कि पुत्र राउल गांव के अलरजा मदरसे में कक्षा सात का छात्र था। सोमवार की शाम साढ़े चार बजे वह साइकिल से खेतों में गन्ना खाने जाने की बात कहकर घर से निकला था। देर शाम तक जब वह वापस नहीं लौटा तो उसकी तलाश की गई। पूरी रात गांव के अलावा आसपास की रिश्तेदारी में भी ढूंढा गया। मंगलवार को गांव के भैंस चराने निकले नादर खां ने गांव से करीब एक किलोमीटर दूर हाफिज निसार खां के गेहूं के खेत में राउल का शव पड़ा होने की सूचना दी। सूचना पर घर में चीख पुकार मच गई। तमाम गांव वालों के साथ रोते बिलखते परिवार वाले मौके पर पहुंच गए। छात्र का गला प्लास्टिक की रस्सी से कसा था तथा पीठ पर भी चोट के निशान थे। एसपी जितेंद्र कुमार शाही ने एएसपी के साथ घटना स्थल का निरीक्षण किया। मृतक के पिता से पूछताछ की। उन्होंने घटना के शीघ्र खुलासे के निर्देश दिए। इंस्पेक्टर धर्मपाल सिंह ने बताया कि बाबू खां की तहरीर पर अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। घर वालों ने किसी रंजिश से इनकार किया है। फील्ड यूनिट टीम ने मौके पर पहुंचकर साक्ष्य जुटाए हैं। पोस्टमॉर्टम करने वाले डॉक्टरों ने रिपोर्ट में उसकी रस्सी से गला घोंटकर हत्या किए जाने की पुष्टि की है।
नहीं मिली साइकिल
छात्र जिस साइकिल से घर से निकला था। तमाम प्रयास के बाद वह नहीं मिली। गांव वालों ने आशंका होने पर तालाब व गन्ना के खेत खंगाले, लेकिन साइकिल बरामद नहीं हो सकी।
पुलिस के विरोध में जाम लगाकर किया प्रदर्शन
छात्र की हत्या की सूचना से गांव में रोष व्याप्त हो गया। तमाम ग्रामीणों ने पुलिस पर लापरवाही बरतने का आरोप लगाते हुए लोधीपुर चौराहा पर जाम लगाकर प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों का कहना था कि घटना की सूचना पुलिस को मंगलवार सुबह नौ बजे मोबाइल पर दी गई, लेकिन पुलिस दो घंटे बाद पहुंची। सीओ बृजवीर सिंह ने मौके पर पहुंचकर ग्रामीणों को समझाया और घटना का शीघ्र खुलासा करने का आश्वासन दिया। तब जाकर ग्रामीण शांत हुए। मौके पर पहुंचे एसपी ने घटना स्थल पर देर से पहुंचने पर एसओ की फटकार लगाई।
भाई बहनोें में सबसे छोटा था राउल
राउल खां अपने छह भाई बहनों में सबसे छोटा था। बाबू खां ने बताया कि सबसे बड़ी पुत्री सीमा की शादी हो चुकी है। परिवार में पत्नी के अलावा 22 वर्षीय अफजाल, 20 वर्षीय अमजद, 18 वर्षीय रीना, 16 वर्षीय आयशा और सबसे छोटा राउल था।
अकेला गया था राउल
मृतक के पिता बाबू खां ने बताया कि उसका पुत्र घर से निकलने के बाद ममतुल्ला के घर उसके पुत्र से मिलने गया था। ममतुल्ला के पुत्र से राउल ने गन्ना खाने चलने की बात कही, लेकिन ममतुल्ला के पुत्र ने भैंस को चारा डालने आदि काम होने की जानकारी देकर साथ जाने से इनकार कर दिया था।