नगर में सुबह से लापता किशोर की उसके टेलर दोस्त की दुकान में लाश मिली है। घटना के बाद से टेलर गायब है। पुलिस उसके घरवालों से पूछताछ कर रही है।
नगर के मोहल्ला खानकाह में पूर्व विधायक अरशद खां के घर के पास रहने वाले इबरार खां का पंद्रह वर्षीय बेटा सुहेल खां सुबह अचानक घर से लापता हो गया। कई घंटे तलाश करने के बाद भी जब उसका पता नहीं लगा तो देर साण शाम घरवाले उसकी गुमशुदगी की सूचना देने कोतवाली पहुंचे। पुलिस ने जब सुहेल के दोस्तों के बारे में जानकारी की तो मोहल्ले के ही टेलर सलमान का नाम सामने आया। रात करीब 10 बजे पुलिस जब सलमान की दुकान पर उससे सुहेल के बारे में पूछताछ करने पहुंची तो पता चला कि सलमान शाम पांच बजे दुकान बंद करके कहीं चला गया है। चूंकि सलमान की दुकान घर के ही बाहरी हिस्से में है सो पुलिस ने उसके घरवालों को बाहर बुलाकर उनसे पूछताछ की। इसी दौरान कुछ शक हुआ तो पुलिस ने दुकान के शटर का ताला तोड़कर दुकान की तलाशी लेनी शुरू कर दी। तभी काउंटर से सुहेल का शव बरामद हो गया। गले पर खरोंच के निशान होने से पुलिस को शक है कि सुहेल की गला दबाकर हत्या की गई है। शव मिलने के बाद सुहेल के घर में कोहराम मच गया। मौके पर भीड़ जमा हो गई। लोगों में गुस्सा देखते हुए कोतवाली से और फोर्स भी मौके पर पहुंच गया। सीओ के नेतृत्व में पुलिस की एक टीम सलमान की तलाश में जुट गई है। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में ले लिया है।
घटना की वजह अभी साफ नहीं हो सकी है। पुलिस का कहना है कि सलमान के हाथ लगने पर उससे पूछताछ के बाद ही सुहेल की हत्या का राज खुल सकेगा। फिलहाल पुलिस सुहेल के घरवालों से तहरीर लेकर रिपोर्ट दर्ज करने की तैयारी में है।