दुराचार करने के आरोपी 14 वर्षीय छात्र ने मासूम बच्ची को पांच रुपये का प्रलोभन देकर उसे अपने घर ले जा उसकी अस्मत लूटी थी। इस बात का खुलासा आरोपी ने पुलिस के सामने पूछताछ में किया है। मेडिकल रिपोर्ट में प्रथम दृष्ट्या रेप की पुष्टि हुई है। गुरुवार को पुलिस ने आरोपी छात्र का चालान कर किशोर अदालत में पेश किया। जहां से अदालत ने उसे बरेली बाल सुधार गृह भेजा है।
26 जनवरी को न्यूरिया थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी कक्षा छह का छात्र पड़ोस की एक पांच वर्षीय बच्ची को पैसे का लालच देकर अपने घर बुला ले गया था और उसके साथ दुराचार किया था। बुधवार को पुलिस ने बच्ची के पिता की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज कर देर शाम आरोपी छात्र को गिरफ्तार कर लिया था।
पूछताछ में छात्र ने पुलिस को बताया कि उसने बच्ची को पांच रुपये का प्रलोभन दिया और उसे अपने घर लाकर रेप का प्रयास किया था। पुलिस ने गुरुवार को बालिका का मेडिकल परीक्षण कराया। कार्यवाहक एसओ इंद्रजीत सिंह भदौरिया ने बताया कि पीड़िता के गुप्त अंग के भीतरी भाग में चोट पाई गई है।
डॉक्टर द्वारा बनाई गई स्लाइड रिपोर्ट जांच को भेजी गई है। उन्होंने बताया कि आरोपी छात्र का चालान कर जिले की किशोर अदालत में पेश किया गया, जहां से कोर्ट ने उसे बरेली सुधार गृह भेजा है।