जिले में कई जगह ढाया गया महिलाओं पर जुल्म, रिपोर्ट
दहेज की मांग पूरी न होने पर मोहल्ला बमनपुरी निवासी फराना, पुवायां के थाना बंडा के गांव इंदरपुर निवासी सुमन देवी, शेरपुरकलां के मोहल्ला कुरैशियान निवासी अंजुम को मारपीट कर घर से निकाल दिया गया। तीनों घटनाओं में ससुरालियों ने दहेज की मांग को महिलाओं पर जुल्म ढाया है। पुलिस ने तीनों विवाहिताओं की शिकायत पर अलग-अलग रिपोर्ट दर्ज की है।
घटना- एक
मोहल्ला बमनपुरी निवासी यासीन की पुत्री फराना की शादी मोहल्ला निवासी नाजिम से हुई थी। आरोप है कि शादी के कुछ दिन बाद से कम दहेज के लिए उसके पति नाजिम, सास मुन्नी, नाजिम की बहन सोनम, आसिया ने उसका उत्पीड़न शुरू कर दिया। दहेज न लाने पर 13 जुलाई को पिटाई कर ससुराल से निकाल दिया। पुलिस ने सहाना की ओर से फराना के पति, सास, ननद के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है।
घटना- दो
पुवायां के थाना बंडा केे गांव इंदरपुर कालोनी निवासी जंगपाल की पुत्री सुमन देवी की शादी करीब पांच साल पहले कोतवाली क्षेत्र के गांव सबलपुर निवासी नंदलाल के पुत्र बबलू से हुई थी। शादी के एक साल बाद दहेज में बाइक और पचास हजार रूपये की मांग की जाने लगी। मांग पूरी न होने पर उसका उत्पीड़न कर पिटाई की गई। सूचना पर विवाहिता की मां उसे मायके ले आई। इलाज और समझौते के बाद सुमन को फिर ससुराल भेज दिया गया। आरोप है कि 19 जुलाई को सुमन की सास और ननद में किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई। झगड़ा करने से मना करने पर सुमन की पिटाई की गई और दहेज की मांग पूरी न होने पर जेवरात छीनकर उसे जलाने की कोशिश की गई। जमीन में पटककर उसको पीटा गया। सुमन ने बमुश्किल ससुराल से भाग कर अपनी जान बचाई। पुलिस ने सुमन देवी की ओर से उसके पति बबलू, ससुर नंदलाल, सास सोमावती, नंद पूजा, पुष्पा, ननदोई अशोक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है।
घटना- तीन
शेरपुरकलां के मोहल्ला कुरैशियान निवासी मुन्ने की पुत्री अंजुम की शादी तीन साल पहले मोहल्ला निवासी अनीस से हुई थी। शादी के कुछ दिन बाद बाइक और मकान बनवाने को दहेज में पचास हजार रुपये की मांग की जाने लगी। मांग पूरी न होने पर उसका उत्पीड़न शुरू कर दिया गया। 31 मई 2016 को उसकी पिटाई कर घायल कर दिया गया। शोर-शराबा पर रिपोर्ट दर्ज कराने पर उसे जान से मारने की धमकी दी गई। पुलिस ने अंजुम की ओर से उसके पति अनीस, ससुर यासीन, सास आयशा, जेठ रहीस, देवर कलुआ, मुन्ना, ननद थाना जहानाबाद के गांव परैवा वैश्य निवासी नवी अहमद की पत्नी कामिनी बेगम के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है।