निकाह का दवाब बनाने पर जान से मारने की धमकी
पीड़िता ने गांव के ही युवक पर लगाए आरोप, दी तहरीर
थाना क्षेत्र के एक गांव की युवती ने गांव के ही युवक पर निकाह का झांसा देकर संबंध बनाने, गर्भवती होने पर गर्भपात कराने और निकाह का दवाब डालने पर जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाकर पुलिस को तहरीर दी है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
पुलिस को दी तहरीर में युवती ने आरोप लगाया है कि उसके गांव के युवक फखरूद्दीन ने करीब छह माह पूर्व निकाह का झांसा देकर उससे संबंध बना लिया। इससे कुछ दिनों बाद गर्भवती होने पर जल्द शादी का बहाना बनाकर गर्भपात करा लिया। लेकिन अब काफी समय से निकाह की बात कहने पर टाल मटोल कर रहा है। युवती का आरोप है कि 14 सिंतबर को भी युवक उसके घर आया और संबंध बनाने की कोशिश की। निकाह से पहले संबंध बनाने से इंकार करने पर उसने जबरदस्ती का प्रयास किया। इस पर युवती ने शोर मचा दिया। शोर होने पर पड़ोसियों ने पहुंचकर उसे पकड़ लिया। लेकिन फखरूद्दीन द्वारा निकाह करने की बात करने उसे छोड़ दिया गया। अगले दिन जब घर वाले निकाह की बात करने पहुंचे तो फखरूद्दीन घर से फरार हो गया। युवती ने आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। एसओ ने बताया कि तहरीर उन्हें नहीं मिली है। तहरीर मिलने पर मामले की जांच कराकर कार्रवाई की जाएगी।