मोहल्ला डालंचद में सपा नेत्री के प्लाट पर निर्माण को लेेकर चल रहे विवाद में प्रशासन ने सख्ती की है। दोनों ओर से पच्चीस-पच्चीस लोगों को मुचलका पाबंद किया गया है। इसके अलावा एसडीएम सदर को एक समिति गठित कर विवाद के निस्तारण की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
बतादें कि सपा नेत्री डिंपल गौड़ ने पिछले दिनों डीएम-एसपी से शिकायत की थी कि उनके प्लाट पर निर्माण कार्य को पूरा नहीं होने दिया जा रहा है। निर्माण कार्य कर रहे मजदूरों को पास के रहने वाले लोग डरा धमकाकर भगा देते हैं। इसके अलावा जबरन रास्ता लेने की कोशिश की जा रही है। उधर, दूसरे पक्ष के लोगों ने भी अफसरों से शिकायत कर खुद को सही बताया और रास्ता बंद करने की शिकायत की। मामला तूल पकड़ने के बाद सीओ सिटी निर्मल कुमार ने जांच की। इसमें सामने आया कि रास्ते के विवाद को लेकर 2009 में संघर्ष हो चुका है। ऐसे में विवाद को लेकर सख्ती की गई। इसकी रिपोर्ट बनाकर सिटी मजिस्ट्रेट जितेंद्र कुमार शर्मा को भेजी गई, जिस पर उन्होंने सख्त कदम उठाया है। उन्होंने एसडीएम सदर को एक टीम का गठन कर विवाद के समाधान के निर्देश दिए हैं। मौके पर जाकर यही टीम पुलिस की मौजूदगी में पैमाईश कराएगी। उधर, पुलिस ने भी शांति व्यवस्था को देखते हुए दोनों ओर से कुल पचास लोगों को मुचलका पाबंद किया है। सीओ सिटी निर्मल कुमार विष्ट ने बताया कि विवाद के निस्तारण के लिए पुलिस और प्रशासनिक अफसर मिलकर कार्रवाई कर रहे हैं। पचास को मुचलका पाबंद किया गया है। इसके अलावा एक राजस्व टीम का गठन एसडीएम सदर के नेतृत्व में किया जाएगा।