सेल्हा बाबा मेले में शामिल होने आए थाना पूरनपुर के मोहल्ला साहूकारा निवासी 25 वर्षीय लियाकत और 18 वर्षीय नदीम उर्फ अन्नू नहाते समय गहरे पानी में डूब गए। तीन घंटे की तलाश के बाद गोताखोरों ने दोनों के शवों को बाहर निकला। मृतकों के घरवालों ने पुलिस कार्रवाई से इंकार कर दिया, जिस पर पुलिस ने पंचायतनामा भरकर दोनों शव घरवालों को सौंप दिए। 24 घंटे में खारजा नहर में डूबने से तीन लोगों की मौत हो चुकी है।
पूरनपुर के मोहल्ला साहूकारा लाइनपार निवासी मुजीब, लियाकत और नदीम आपस में तहेरे-चचेरे भाई हैं। मंगलवार को तीनों भाई सेल्हा मेला में आए थे। दोपहर करीब 12.30 बजे लियाकत और नदीम उर्फ अन्नू खारजा नहर में नहाने लगे। नहाते समय लियाकत पक्की पिचिंग के आगे बढ़कर गहरे पानी में चला गया। उसको डूबते देख नदीम भी उसे बचाने के प्रयास में वहां पहुंच गया, जिससे दोनों डूब गए। दो युवकों के डूबने की सूचना पर रमनगरा पुलिस चौकी इंचार्ज रहमत खां फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे और गांव पुरैना ताल्लुके महाराज निवासी गोताखोर मिथुन विश्वास और गोपी सिंह को बुलाकर दोनों की तलाश कराई। करीब तीन घंटे के बाद गोताखोर पहले लियाकत बाद में नदीम का शव तलाश कर सके। सूचना पर दोनों युवकों के परिवार के लोग रोते-बिलखते मौके पर पहुंच गए। घरवालों ने पुलिस कार्रवाई से इंकार कर दिया। चौकी इंचार्ज रहमत खां ने बताया कि मृतकों के घरवालों ने पोस्टमार्टम कराने से इंकार किया है। इसलिए पंचायतनामा भरकर शवों को घर वालों के सुपुर्द कर दिया गया।
दोनों को नहर में खींच ले गई मौत
मोहल्ला साहूकारा निवासी लियाकत और नदीम उर्फ अन्नू को मौत नहर तक खींच ले गई। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि जब दोनों युवक नहर में नहाने जा रहे थे, तो वहां मौजूद एसएसबी जवानों और सिंचाई विभाग के कर्मचारियों ने नहर में नहाने से मना किया था, लेकिन दोनों युवक जिद कर नहर में जा घुसे और डूबने से उनकी मौत हो गई।
सोमवार को किच्छा के जायरीन की हुई थी मौत
सोमवार को खारजा नहर में नहाते समय उत्तराखंड के किच्छा के गांव सिरौली इंद्रानगर निवासी 22 वर्षीय सदाकत अली की डूबकर मौत हो गई थी। वह गांव के ही अपने 10-12 साथियों के साथ सेल्हा बाबा मेला में आया था।