शहर की पॉश अशोक कॉलोनी निवासी ईंट भट्ठा कारोबारी सतीश कुमार धामेजा, उनके पुत्र पुनीत व भतीजा सागर धोखाधड़ी व एससीएसटी एक्ट के मामले में फंस गए हैं। न्यूरिया पुलिस ने गांव चिडैयादाह निवासी रामप्रताप की ओर से तीनों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
गांव भिंडारा निवासी रामप्रताप ने दर्ज कराई गई रिपोर्ट में कहा है कि वह प्रतापगढ़ जिले के गांव सराय वीरभद्र का निवासी है। वर्तमान समय में थाना सुनगढ़ी के गांव चिडैयादाह में रहता है। उसके पिता रामकुमार ने ग्राम भिंडारा (न्यूरिया) में गाटा संख्या 219 रकबा 2.683 हेक्टेअर जमीन खरीदी थी। पांच सितंबर 2011 को पिता की मौत होने के बाद मां जयरानी उर्फ जयराजी, भाई रामसेवक के नाम जमीन वारिस के रूप में दर्ज हो गई। उन्होंने कसबा मझोला निवासी बलविंदर सिंह को जमीन बटाई पर दे दिया और खुद भी देखभाल करते थे। 28 जुलाई 15 को वह जमीन पर लगी फसल वह जब देखने गए तो बटाईदार ने बताया कि पीलीभीत शहर की अशोक कॉलोनी निवासी ईंट भट्ठा कारोबारी सतीश कुमार धामेजा, उनका पुत्र पुनीत व भतीजा सागर दोपहर में आए और कहा की भूमि के वह मालिक हैं और बटाई का पैसे उसे ही देंगे। पीड़ित ने जब इसका विरोध किया तो आरोप है कि तीनों आरोपियों ने जातिसूचक शब्द कहते हुए जमीन पर दोबारा न जाने की हिदायत दी और कहा कि तुम्हें जमीन पर खेती नहीं करने देंगे। उन्होंने आशंका जताई कि कारोबारी उनकी हत्या करवा सकता है और सड़क दुर्घटना कार से कर उसे मार सकता है। एसओ दलवीर सिंह ने बताया कि पीड़ित की ओर से आरोपी ईंट भट्ठा कारोबारी पिता-पुत्र व उसके भतीजे के खिलाफ एससीएसटी एक्ट व धोखाधड़ी के तहत रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। मामले की विवेचना सीओ जहॉनाबाद को सौंपी गई है।