दहेज की मांग पूरी न होने पर तय रिश्ता तोड़ दिया गया। तय तिथि पर बारात न आने से शादी की तैयारियां धरी रह र्गइं। पुलिस ने युवती के पिता की ओर से गांव बंजरिया निवासी नौ लोगों के खिलाफ दहेज मांगने, गाली-गलौज कर धमकाने के तहत रिपोर्ट दर्ज की है।
गांव सिकराना निवासी रामभजन ने बताया कि उसने अपनी पुत्री की शादी गांव बंजरिया निवासी जयवीर से तय की थी। रोक की रस्म पूरी होने पर शादी 25 अप्रैल को करना तय हुआ। शादी की तैयारी पूरी कर ली गई। आरोप है कि शादी से पहले आरोपियों ने दहेज में टीवी, फ्रिज, बाइक, एक लाख रुपये की नगदी, सोने के पांच जेवरात की मांग की। मांग पूरी न होने पर निर्धारित तिथि पर आरोपी बारात नहीं लाए। पुलिस ने रामभजन की ओर से गांव बंजरिया निवासी जयवीर, उसके ताऊ रामचंद्र, भाई जसकरन, विजयपाल, नीरज, जसकरन की पत्नी बतासो देवी, विजय की पत्नी ममता देवी, नीरज की पत्नी रीना, जयवीर की मां प्रेमा देवी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है।