मजार शरीफ पर शरारत के मामले में सुनगढ़ी पुलिस ने देर रात अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली। गांव में तनाव को देखते हुए रात भर पुलिस बल मुस्तैद रहा। खुफिया विभाग भी शरारत करने वालों के बारे में जानकारी जुटाने में लगा रहा।
सुनगढ़ी क्षेत्र के चिड़ियादाह गांव में रहमत शाह पीर मियां की मजार पर सोमवार को शरारत हुई थी। मजार शरीफ की चादर जली पड़ी मिली थी। इसके बाद देर शाम काफी संख्या में एक पक्ष के लोग जमा हो गए थे। सूचना मिलने पर पहुंचे पुलिस अफसरों ने फील्ड यूनिट की मदद से सुरागरसी की। देर रात गांव के लोगों ने मजार शरीफ पर हुई वारदात की तहरीर सुनगढ़ी पुलिस को दी। इसके आधार पर पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। गांव में शांति एवं सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए रातभर पुलिस बल तैनात रहा। मंगलवार दूसरे दिन भी गांव में पुलिस तैनात रही। इसके अलावा क्षेत्र के अन्य धार्मिक स्थलों पर भी मंगलवार रात पुलिस ने मुस्तैदी बरती। सुरागरसी में खुफिया विभाग की भी मदद ली जा रही है। फिलहाल अभी कोई सफलता नहीं मिल सकी है। यह भी पता किया जा रहा है कि यह शरारत है या फिर हादसा।
घटना की अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। छानबीन कराई जा रही है। जल्द आरोपी पकड़ लिया जाएगा। गांव में एहतियातन फोर्स की तैनाती की गई है।
- अतुल प्रधान, इंस्पेक्टर सुनगढ़ी