क्षेत्र के एक गांव में कथित तौर पर पति की प्रताड़ना से परेशान 32 वर्षीय महिला ने सात और चार साल की बेटियों को जहरीला पदार्थ खिलाने के बाद खुद भी जहर खा लिया। हालत बिगड़ने पर घर वाले तीनों को लेकर कस्बे के ही एक प्राइवेट डॉक्टर के यहां पहुंचे, जहां पर हालत में सुधार नहीं हुआ। इस पर घरवालों ने शहर के एक प्राइवेट अस्पताल में तीनों को भर्ती कराया है, जहां उनकी हालत ठीक बताई गई है। परिवार वाले घटना के बावत कुछ बोलने को तैयार नहीं हैं। पुलिस को न तो परिवार वालों ने सूचना दी है और न ही अस्पताल प्रशासन ने पुलिस को मेमो भेजा है।
रविवार को क्षेत्र के एक गांव निवासी 32 वर्षीय मनप्रीत कौर का उसके पति बलविंदर सिंह से झगड़ा हो गया था। पति की पिटाई से नाराज मनप्रीत सिंह ने रविवार की देर शाम घर में रखा जहरीला पदार्थ पहले अपनी चार साल और सात साल की पुत्रियों को खिलाया, बाद में खुद खा लिया। हालत बिगड़ने पर घर में कोहराम मच गया। घरवाले आननफानन में तीनों को लेकर कस्बे के ही एक प्राइवेट डॉक्टर के पास पहुंचे। हालत ठीक न होने पर परिवार के लोग तीनों को लेकर पीलीभीत पहुंचे और एक प्राइवेट अस्पताल में भर्ती कराया। घरवालों ने मामले की सूचना पुलिस को नहीं दी है और न ही अस्पताल प्रशासन ने कोई मेमो पुलिस को भेजा है। परिवार के लोग पूछने पर कुछ भी बोलने को तैयार नहीं हैं। हालांकि आसपास के ग्रामीणों को कहना है कि पीड़िता का पति नशे का आदी है। वह आए दिन मनप्रीत कौर के साथ मारपीट करता है। रविवार को भी दोनों के बीच कहासुनी के बाद मारपीट हुई थी। थाना सुनगढ़ी के इंस्पेक्टर अतुल प्रधान ने बताया कि पुलिस को जहर खाने से संबंधित अस्पताल से कोई मेमो नहीं भेजा है और न ही उन्हें इस मामले की कोई जानकारी है।