विक्रमपुर गांव में चल रहे नाग पंचमी मेले में हिस्ट्रीशीटर के साथ आए असामाजिक तत्वों ने ताबड़तोड़ फायरिंग कर दहशत फैला दी। गोलियां चलने से मेले में भगदड़ मच गई। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस पर भी हिस्ट्रीशीटर ने गोली चलाई। जवाबी फायरिंग के बाद पुलिस ने हिस्ट्रीशीटर को पकड़ लिया। उसके साथी भागने में सफल हो गए। पुलिस ने दो नामजद, एक अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है।
बरखेड़ा थाना क्षेत्र के विक्रमपुर गांव में ब्रहमदेव स्थल पर नागपंचमी का दो दिवसीय मेला चल रहा था। सोमवार रात मेले में पड़ोस के गांव खमरिया का हिस्ट्रीशीटर नन्हे बाबू अपने साथियों को लेकर आ गया। इन लोगों ने मेले में गुंडई शुरू की तो कुछ लोगों ने विरोध किया। इस पर हिस्ट्रीशीटर और उसके साथियों ने हवाई फायरिंग शुरू कर दी। इससे मेले में भगदड़ मच गई। गोली चलने की जानकारी पर बरखेड़ा पुलिस मौके पर पहुुंची। पुलिस ने हंगामा कर रहे युवकों को पकड़ने की कोशिश की तो उन्होंने पुलिस पर भी फायरिंग कर दी। पुलिस ने जवाबी फायरिंग कर हिस्ट्रीशीटर नन्हे को पकड़ लिया। उसके साथी भाग गए। पुलिस ने नन्हे समेत तीन लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
मुठभेड़ में एक सिपाही घायल
जिरौनियां चौकी इंचार्ज अभय पांडेय ने बताया कि मेलेे में विवाद की शुरूआत युवतियों से छेड़छाड़ को लेकर हुई थी। हिस्ट्रीशीटर ने कुछ लड़कियों से छेड़छाड़ की थी। गांव वालों ने इसका विरोध किया तो हिस्ट्रीशीटर और उसके साथियों ने फायरिंग कर दी थी। सूचना पर वह फोर्स के साथ पहुंचे तो हिस्ट्रीशटर ने उन पर भी हमला बोल दिया था। इस दौरान सिपाही विजय मिश्र गिरकर घायल हो गया।
मेले में ढाई घंटे रही अफरातफरी
फायरिंग से मेले में करीब ढाई घंटे तक अफरातफरी का माहौल रहा। डरे-सहमे दुकानदारों और मेले में मौजूद लोगों में भगदड़ मच गई। पुलिस जब हिस्ट्रीशीटर को पकड़ कर ले गई तब कहीं मेले में चहल-पहल शुरू हुई।
पुलिस पर ग्राम प्रधान को बचाने का आरोप
बवाल के बाद पुलिस मुठभेड़ में भले ही हिस्ट्रीशीटर को गिरफ्तार कर लिया हो लेकिन मेला कमेटी के लोग पुलिस से खासे नाराज हैं। एसपी से मुलाकात करने पहुंचे कमेटी के लोगों का कहना था कि हिस्ट्रीशीटर के जरिए प्रधान ने ही मेले में फायरिंग कराई थी लेकिन पुलिस ने प्रधान के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं की। उन्होंने घटना की सीओ स्तर के अधिकारी से जांच कराने की मांग की। एसपी से मुलाकात करने वालों में धर्मेंद्र कुमार, रामकुमार, मेघनाथ, मेवाराम, जमुना प्रसाद, हरप्रसाद, ओमकार, मुन्नालाल मौर्य आदि शामिल थे।
हिस्ट्रीशीटर नन्हे बाबू की पुलिस को काफी समय से तलाश थी। उसने सोमवार रात मेले में अपने साथियों के संग फायरिंग की थी। उसे मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया गया है। ग्रामीणों की ओर से कोई तहरीर नहीं दी गई थी। पुलिस ने अपनी ओर से केस दर्ज किया है। पुलिस पर लगाए गए आरोप बेबुनियाद है।
- ओमहरि बाजपेई, एसओ बरखेड़ा