मोतीनगला गांव में सोमवार रात की घटना
चोरों ने सोमवार रात कछला के गांव मोतीनगला निवासी जयपाल सिंह के घर को निशाना बना लिया। नकब लगाकर घर में घुसे चोर केनों में रखा दो सौ लीटर मेंथा ऑयल, जेवरात और नगदी ले गए। घरवालों को भनक तक नहीं लगी। तड़के जागे तो चौकी पर पहुंचकर पुलिस को अवगत कराया।
कोतवाली क्षेत्र के गांव मोतीनगला में जयपाल के घर में चोरी की घटना रात में किस वक्त हुई, यह तो गृहस्वामी समेत उसके परिवारजनों को नहीं पता लेकिन तड़के चार बजे महिला छत से उतर कर नीचे पहुंची तो उसे घर के कमरों की किवाड़ें खुली मिलीं। उसने शोर मचाया तो गृहस्वामी समेत परिजन भी जाग गए। उन्होंने चोरों की तलाश में गलियारे भी झांके लेकिन कहीं पर भी कोई नजर नहीं आया। संदूक से गृहस्वामी की पत्नी के जेवरात और 20 हजार रुपया भी गायब थे। मेंथा ऑयल की केनें भी उठा ले गए।
गृहस्वामी ने बताया कि चोरी में करीब ढाई लाख रुपये का माल गया है। कछला चौकी पर पहुंचकर पुलिस कर्मियों को भी घटना की जानकारी दी। चौकी इंचार्ज सुभाष यादव मौके पर पहुंचे। उन्होंने पीड़ित गृहस्वामी समेत उसके घरवालों और पड़ोसियों से जानकारी हासिल की। इधर, चौकी इंचार्ज ने बताया कि तहकीकात की जा रही है। चोरों की तलाश भी शुरू कर दी गई है।