स्वर्ण जयंती स्वरोजगार योजना में ग्राहक सेवा प्रतिनिधि के पद का फर्जी नियुक्ति पत्र देकर एक युवक ने शहर की घनश्याम नगर कॉलोनी निवासी दीपक वर्मा से दो लाख रुपये ठग लिए। पीड़ित की मां सुशीला देवी ने एएसपी को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। एएसपी ने इंस्पेक्टर सुनगढ़ी को जांच कर मामले की रिपोर्ट दर्ज करने के निर्देश दिए हैं।
घनश्याम नगर कॉलोनी निवासी सुशीला देवी अपने पुत्र दीपक वर्मा के साथ एएसपी से मिलीं और उन्हें तहरीर देकर बताया कि पुत्र दीपक इंटर पास है। ट्रांसपोर्ट नगर स्थित कांशीराम कॉलोनी निवासी एक युवक ने भारत सरकार द्वारा संचालित स्वर्ण जयंती स्वरोजगार योजना में ग्राहक सेवा प्रतिनिधि पद पर नौकरी दिलाने का वादा किया था और दो लाख रुपये मांगे थे। उसने अपने जेवर बेचकर और इधर-उधर से पैसा उधार लेकर आरोपी युवक को दो लाख रुपये दे दिए। आरोपी ने 25 दिसंबर 15 को उसे स्वर्ण जयंती रोजगार योजना के डायरेक्टर प्रमोद महाजन के नाम और हस्ताक्षर से एक नियुक्ति पत्र दिया। नियुक्ति पत्र लेकर जब उसका पुत्र विकास भवन पीलीभीत पहुंचा और जानकारी ली तो पता चला की नियुक्ति पत्र फर्जी है। 25 जनवरी को वह अपने पुत्र के साथ आरोपी के घर पहुंचीं और रुपये वापस मांगे। इस पर आरोपी ने उनके साथ गालीगलौज की और मारपीट की। एएसपी विकास कुमार वैद्ध ने बताया कि इंस्पेक्टर सुनगढ़ी को मामले की जांच कर कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं।