कोतवाली क्षेत्र की एक किशोरी का असलहों के बल पर सोमवार तड़के दूसरे समुदाय के कुछ लोगों ने अपहरण कर लिया। विरोध करने पर किशोरी के परिजनों की पिटाई की गई। इसके बाद अंजाम भुगतने की धमकी देकर आरोपी भाग गए। कोतवाली पुलिस ने किशोरी के पिता की तहरीर पर नौ लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर अपहृत की तलाश शुरू कर दी है। मामला दो समुदायों से जुड़ा होने पर महकमा खासा अलर्ट रहा। गांव में एहतियातन पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।
कोतवाली क्षेत्र के एक व्यक्ति ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि सोमवार तड़के करीब चार बजे गांव के ही कुछ लोग उसके घर में घुस आए। इसके बाद असलहा के बल पर उसकी 16 वर्षीय पुत्री का अपहरण कर लिया। परिवार वालों ने इसका विरोध किया तो आरोपियों ने उनकी पिटाई कर दी। इसके बाद अंजाम भुगतने की धमकी देते हुए किशोरी को अगवा करके ले गए। आरोपियों के जाने के बाद परिवारवालों के शोर मचाने पर आसपास के तमाम लोग मौके पर जमा हो गए। लड़की के पिता ने पुलिस को नामजद तहरीर देकर मामले में सख्त कार्रवाई की मांग की है। इधर, मामला दो समुदायों से जुड़ा होने की जानकारी मिलने पर पुलिस अधिकारी अलर्ट हो गए। कोतवाली पुलिस से प्रकरण को गंभीरता से लेते हुए कार्रवाई करने के निर्देश दिए। इसके अलावा गांव में किसी तरह की तनाव की स्थिति न बन सके, इस लिए पुलिस को गांव में भी तैनात कर दिया गया है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर राकेश कुमार, उसकी मां, विजय, बलराम, ओमप्रकाश, श्रीराम, दत्तराम, खरगाई लाल और भगवानदास के खिलाफ नामजद रिपोर्ट दर्ज की है।
किशोरी के पिता की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। किसी तरह की तनाव की स्थिति नहीं है। एहतियातन गांव में पुलिस बल तैनात किया गया है। शुरूआती जांच में मामला प्रेम प्रसंग का निकलकर आ रहा है। किशोरी की तलाश को टीम लगाई गई है। माधो सिंह विष्ट, कोतवाल