अब आरोपी का साथी वीडियो वायरल करने की धमकी देकर कर रहा यौन शोषण
थाने में तैनात दरोगा का रिश्तेदार है एक आरोपी
थाना पुलिस ने नहीं सुनी तो एएसपी से मिली पीड़िता
थाना बिलसंडा क्षेत्र के एक गांव में दोस्त की गैर मौजूदगी में घर में घुसकर उसकी पत्नी से दुराचार किया गया। आरोपी ने अपने साथी से घटना की वीडियो क्लिप भी बनवा ली। अब वीडियो वायरल करने की धमकी देकर साथी भी महिला का यौन शोषण कर रहा है। एक आरोपी का रिश्तेदार थाने में दरोगा है। इससे पुलिस कार्रवाई नहीं कर रही है। महिला ने एएसपी से मिलकर कार्रवाई की मांग की है। एएसपी ने एसओ को खुद मामले की जांच कर कार्रवाई करने का आदेश दिया है।
थाना बिलसंडा क्षेत्र की एक महिला शनिवार को एएसपी के सामने पेश हुई। महिला ने उन्हें तहरीर देकर बताया कि उसका पति देहरादून में रहकर मजदूरी करता है। वह भी बच्चों के साथ पति के पास ही रहती थी। फरवरी में पुत्री की परीक्षा कराने के लिए वह गांव आ गई थी। इस दौरान उसके पति का एक दोस्त घर आने-जाने लगा। आरोप है कि 22 फरवरी को महिला की पुत्री परीक्षा देने चली गई तो आरोपी अपने एक अन्य साथी को लेकर घर में घुस आया और महिला को दबोच लिया। विरोध करने पर आरोपी ने जान से मारने की धमकी देकर रेप किया और अपने साथी से घटना की वीडियो क्लिप बनवा ली।
पीड़िता ने बताया कि अब वीडियो क्लिप बनाने वाला युवक क्लिप वायरल करने की धमकी देकर उसका यौन शोषण कर रहा है। महिला दो बार थाने भी गई और पुलिस को तहरीर दी लेकिन पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज नहीं की। महिला का कहना है कि एक आरोपी का रिश्तेदार थाने में दरोगा है, इसलिए पुलिस रिपोर्ट दर्ज नहीं कर रही है। एएसपी ने मामले को गंभीरता से लिया है। एएसपी विकास कुमार वैद्य ने बताया कि एसओ को खुद मौके पर जाकर प्रकरण की जांच करने और मामला सही मिलने पर आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करने के निर्देश दिए गए हैं। उधर, एसओ जितेंद्र यादव का कहना है कि मामला उनके संज्ञान में नहीं है। महिला उनके सामने अभी तक नहीं आई है।