धनाराघाट मार्ग स्थित जंगल में मंगलवार सुबह कुछ लोगों ने एक अधेड़ का शव लटका देखा। इससे क्षेत्र में सनसनी फैल गई। शव की शिनाख्त खीरी जिले के थाना व कसबा संपूर्णानगर की डीएम कॉलोनी निवासी संजय ने अपने पिता 65 वर्षीय नंदलाल के रूप में की है। घर वालों का कहना है कि नंदलाल फांसी लगाकर आत्महत्या नहीं कर सकते। उन्हें किसी ने मारकर लटकाया है।
मंगलवार की सुबह कुछ लोग शारदा पार स्थित धानाराघट क्षेत्र के जंगल में लकड़ी बीनने गए थे, तो उनकी नजर साखू के जंगल में एक पेड़ से अधेड़ के लटक रहे शव पर पड़ी। उसके गले में तहमद का फंदा पड़ा था। सूचना पर खीरी जिले के थाना व कसबा संपूर्णानगर की डीएम कॉलोनी निवासी संजय भी कई लोगों के साथ मौके पर पहुंचा। संजय ने शव की शिनाख्त अपने पिता नंदलाल के रूप में की। संजय ने बताया कि पिता 25 सितंबर की सुबह घर से पैदल जंगल जलौनी लकड़ी लेने गए थे, लेकिन शाम तक नहीं पहुंचे तो तलाश की गई, लेकिन कोई पता नहीं चल सका। सोमवार को उन्होंने थाना संपूर्णानगर और हजारा पर पिता के गायब होने की तहरीर दी थी। संजय ने बताया कि घर पर भी कोई ऐसी बात नहीं हुई, जिससे पिता नाराज हों। उसने आशंका जताई है कि उसके पिता की हत्या कर शव को लटकाया गया है। हालांकि उसने किसी से कोई रंजिश होने से इंकार किया है।
एसओ बृजकिशोर मिश्रा ने बताया की प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का ही प्रतीत हो रहा है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के कारणों का पता चल सकेगा।