दोमाना थाना के अंतर्गत सरोड़ा अकलपुर में मशरूम खाने से तीन युवकों की हालत बिगड़ गई। परिवार के सदस्यों ने उन्हें पहले नजदीक के डाक्टरों को दिखाया। फिर वहां से उन्हें जीएमसी रेफर कर दिया। तीनों को इमरजेंसी में रखा गया। इनमें से एक की हालत गंभीर बनी हुई है।
पीड़ितों में सरोड़ा, अकलपुर निवासी कपिल (26), प्रवीण कुमार (35) और सुरेश कुमार (38) शामिल है। सुरेश कुमार के मुताबिक दोपहर के समय खाने में मशरूम खाई थी, उसके बाद सभी लोग अपने-अपने काम में जुट गए।
साढ़े तीन बजे दोपहर में तीनों की हालत खराब होने लगी। उन्हें उल्टियां लगातार आने लगीं, जो कि बंद होने का नाम नहीं ले रही थी। आसपास के लोगों ने तीनों को पहले नजदीक के डाक्टर को दिखाया तो उन्होंने चेकअप किया।
हालत गंभीर देखते हुए उन्हें जीएमसी भेज दिया। तीनों को फिलहाल जीएमसी की इमरजेंसी में रखा गया है। तीनों के ब्लड टेस्ट के साथ अन्य टेस्ट करवाए जा रहे हैं। डाक्टरों के मुताबिक यह टेस्ट की रिपोर्ट से पता चलेगा कि किस चीज से युवकों की हालत खराब हो गई।