जंगल से पेड़ काटने के शक में फार्म हाउस में पहुंचे सामाजिक वानिकी के उड़नदस्ता टीम के सदस्यों के साथ किसान ने गाली-गलौज कर मारपीट की। बाइक भी छीनने का प्रयास किया गया। राहगीरों ने उड़नदस्ता सदस्यों को जैसे तैसे बचाया। उड़नदस्ता टीम प्रभारी रेंजर मदन लाल ने कोतवाली पहुंचकर किसान के खिलाफ तहरीर दी है।
घटना बुधवार को अपराह्न करीब दो बजे की है। सामाजिक वानिकी का उड़नदस्ता रेंजर मदनलाल के नेतृत्व में हरीपुर रेंज क्षेत्र में जांच के लिए निकला था। उड़नदस्ता प्रभारी ने बताया कि वे लोग हरीपुर रेंज चौकी के समीप पहुंचे थे। जंगल किनारे एक फार्म हाउस के पास रास्ते में साल की लकड़ी की कुछ टहनियां मिलीं। इस पर वृक्ष के अवैध कटान के शक पर फार्म हाउस स्वामी से पूछताछ के लिण् उसके घर से बुलाने का प्रयास किया गया। आरोप है कि उक्त किसान ने उन लोगों को देखते ही गाली-गलौज शुरू कर दी। हाथापाई कर बाइक की चाबी भी छीन ली। वहां मौजूद राहगीरों ने जैसे तैसे उन्हें बचाया। हरीपुर रेंज कार्यालय पहुंचकर उन्होंने घटना की जानकारी उच्च अफसरों को दी। उन्होंने बताया कि घटना की तहरीर कोतवाली पुलिस को दी गई है। टीम में उनके साथ वन दरोगा मोहनलाल भी थे।