बीसलपुर-पीलीभीत मार्ग पर जसोली गांव के पास हुआ हादसा
विज्ञापन
बीसलपुर-पीलीभीत मार्ग पर जसोली गांव के पास शनिवार रात करीब सवा नौ बजे अज्ञात वाहन ने एक बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार किसान टोलिया गांव निवासी धर्मवीर (28) की मौत हो गई जबकि उसका तहेरा भाई उदयवीर गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल को जिला अस्पताल भर्ती कराया गया है। पुलिस ने रविवार को शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम को भेज दिया। बाइक सवार दोनों हेलमेट नहीं लगाए थे।
बरखेड़ा थाना क्षेत्र के टोलिया गांव निवासी धर्मवीर खेती कर परिवार का भरण पोषण करते थे। बीसलपुर में आयोजित एक शादी समारोह में शामिल होने के लिए शनिवार रात बाइक लेकर घर से निकले। उनके साथ तहेरा भाई उदयवीर भी था। रात करीब नौ बजे बीसलपुर रोड पर जसोली गांव के पास पहुंचते ही बाइक को अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। इसमें दोनों बाइक सवार गंभीर रूप से घायल हो गए। राहगीरों से सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को सीएचसी में भर्ती कराया। यहां प्राथमिक इलाज के बाद दोनों को जिला अस्पताल भेज दिया गया। जहां देर रात धर्मवीर की इलाज के दौरान मौत हो गई। रविवार को पुलिस ने परिवार वालों से जानकारी कर धर्मवीर के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। उदयवीर का इलाज चल रहा है।